बंद होगा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग: यशवंत सिन्हा
राष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी दलों के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा पहुंचे चंडीगढ़
चंडीगढ़, 12 जुलाई । राष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी दलों के प्रत्याशी एवं पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा है कि अगर वे चुनाव जीतकर राष्ट्रपति बनते हैं तो देश में सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग को तुरंत बंद करवाया जाएगा।
यशवंत सिन्हा मंगलवार को चंडीगढ़ दौरे पर थे। यहां उन्होंने कांग्रेस के विधायकों के साथ बैठक की। बैठक के बाद हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान तथा अन्य विधायकों के साथ हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे।
पत्रकारों से बातचीत में यशवंत सिन्हा ने कहा कि आज देश में डर का माहौल है। आज देश में सरकारी एजेंसियों का पूरी तरह से राजनीतिकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश की सत्तासीन सरकार के प्रति लोगों की विश्वसनीयता समाप्त हुई है। सरकार जिन लोगों के लिए योजना लेकर आती है वही उसके विरोध में सड़कों पर आ जाते हैं।
एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री को अगर आदिवासियों की इतनी चिंता है तो वे अपना पद छोड़ कर आदिवासी को इस पद पर बिठाएं।