हरियाणा

हरियाणा के युवाओं ने खेलों के दम पर विश्व में पहचान बनाई:मनोहर लाल

-मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र से किया सांसद खेल स्पर्धा का आगाज

-पांच हजार से अधिक लोगों ने लिया मैराथन में भाग

-मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मैराथन में दौड़े

चंडीगढ़ मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश की युवा शक्ति 24 कैरेट सोना है। हरियाणा प्रदेश की युवा बिग्रेड ने अपनी शक्ति, तेज और खेलों के दम पर 24 कैरेट डायमंड के रूप में पूरे विश्व में पहचान बनाई है। इस युवा शक्ति को सक्षम बनाने के साथ-साथ सार्थक बनाने के प्रयास प्रदेश सरकार की तरफ से किए जा रहे है। इन्हीं प्रयासों के चलते ही सांसद खेल स्पर्धा जैसे कार्यक्रमों से युवाओं को आगे बढ़ने, दूसरों की मदद करने और देश की तरक्की में योगदान देने की प्रेरणा पैदा होगी।

मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र में ब्रह्म सरोवर पर सांसद नायब सिंह सैनी के प्रयास से आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम की शृंखला में आयोजित प्रदेश की पहली सांसद खेल स्पर्धा के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री, सांसद सैनी, हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री सरदार संदीप सिंह, हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने दीप शिखा प्रज्ज्वलित करके विधिवत रूप से 15 से 18 मई तक चलने वाली सांसद खेल स्पर्धाओं का शुभारंभ किया और मैराथन को हरी झंडी देकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री, सांसद व अन्य नेताओं ने भी ब्रह्म सरोवर के दक्षिण गेट तक मैराथन में दौड़ लगाई। इस मैराथन में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के 3 हजार से ज्यादा पुरुष और 2 हजार से ज्यादा महिलाएं दौड़ीं। यह दौड़ पुरुषोतमपुरा बाग से शुरू होकर ब्रह्म सरोवर के दक्षिण गेट, श्री तिरुपति बालाजी मंदिर, बीआर इंटरनेशनल चौंक, ब्रह्मानंद चौक सहित उधम सिंह चौक से होती हुई द्रोणाचार्य स्टेडियम पर संपन्न हुई। खेल मंत्री संदीप सिंह और सांसद नायब सिंह सैनी ने पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर आने वाले अंबाला के अमरप्रीत सिंह और महिला वर्ग में अंबाला की ऋतिका तथा दूसरे स्थान पर आने वाले यमुनानगर के मोहित प्रधान, दयालपुर कुरुक्षेत्र की अंजली को मेडल और नकद राशि देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पुरुषोत्तमपुरा बाग में खिलाड़ियों का अभिवादन किया और सभी से भारत माता की जय के नारे लगवाए। मुख्यमंत्री ने मंच पर नन्हे खिलाड़ी को गोद में उठाकर हवा में उछाल कर इस मैराथन के उत्साह और उमंग को भी दर्शाने का अनूठा प्रयास किया।

मुख्यमंत्री ने मैराथन के सफल आयोजन के लिए सांसद नायब सिंह सैनी और उनकी टीम के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों और खासकर स्कूलों के संचालकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से सांसद खेल स्पर्धा जैसे अनूठे कार्यक्रम को शुरू किया है।

सांसद नायब सिंह सैनी ने बताया कि इस खेल स्पर्धा में 15 से 18 मई तक कुश्ती, सर्किल कबड्डी और मैराथन का आयोजन किया गया है। इन प्रतियोगिताओं में ब्लॉक स्तर से टीमें पहुंची हैं। इस स्पर्धा में 30 पुरुष और 26 महिलाएं टीमे अपना दम-खम दिखाएंगी। इस कार्यक्रम में खेल मंत्री संदीप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा, विधायक सुभाष सुधा के प्रतिनिधि साहिल सुधा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सांसद सैनी ने मुख्यमंत्री को शॉल व स्मृति चिह्न प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker