हरियाणा
कुरुक्षेत्र : प्राकृतिक खेती को अपनाकर जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा : जेपी दलाल
कुरुक्षेत्र,16 सितम्बर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि हरियाणा और गुजरात ने मिलकर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जो आदान-प्रदान किया है, उसे अभियान के रूप में अपनाकर प्रदेशभर में जन आंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती देश के किसान के लिए जीवनदायिनी बन रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि इससे उत्पन्न होने वाला अनाज, फल, सब्जी आदि सभी उत्पाद लोगों के लिए बहुत ही लाभकारी है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए जो निर्णय लिया है, वह काबिले तारीफ है और हरियाणा सरकार इसको लेकर बेहद गंभीर है। गुजरात के राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती का बीड़ा उठाकर किसानों की आमदनी बढ़ाने का जो लक्ष्य दिया है, हरियाणा सरकार उसे हर संभव तरीके से पूरा करेगी।