फरीदाबाद: पार्कों के रखरखाव की बकाया राशि जल्द देने की मांग
फरीदाबाद, 01 जून । नगर निगम द्वारा पार्कों के रखरखाव के लिए आरडब्ल्यूए को बकाया राशि का भुगतान करने और जो राशि दी है उसका धन्यवाद करने के लिए कन्फेडरेशन के पदाधिकारी बुधवार को निगमायुक्त यशपाल यादव से उनके कार्यालय में मिले।
कन्फेडरेशन आफ आरडब्ल्यूए के चेयरमैन एनके गर्ग, वाइस चेयरमैन गजराज नागर और महासचिव एएस गुलाटी ने कहा कि नगर निगम ने आर्थिक तंगी होते हुए भी पार्कों के लिए रखरखाव राशि दी है, वह सराहनीय कदम है। इससे काफी परेशानियां हल हो गई हैं। आरडब्ल्यूए और बेहतर तरीके से पार्कों का रखरखाव करेगी। उनकी मांग है कि जो राशि बकाया है, उसका भी जल्द भुगतान होना चाहिए। इससे आरडब्ल्यूए और मजबूत होंगी। निगमायुक्त ने जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि पिछले दिनों नगर निगम द्वारा आरडब्ल्यूए को अप्रैल 2021 से दिसंबर 2021 तक की राशि दी गई थी। इसमें वर्ष 2020 में चार महीने की भी बकाया राशि है। इस साल अभी तक रखरखाव राशि भी नहीं दी गई है। निगम के 384 पार्क ऐसे हैं, जिनकी देखरेख की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूए के पास है।
निगम की ओर से आरडब्ल्यूए को पार्कों की देखरेख तथा माली के वेतन के लिए राशि दी जाती है। लगभग डेढ़ साल से निगम ने राशि का भुगतान नहीं किया था। सेक्टर-8 सिही से अजीत नंबरदार भी पदाधिकारियों के साथ थे। पदाधिकारियों ने निगमायुक्त को चार जून को दिल्ली के प्रगति मैदान में होने वाली आल इंडिया मेयर और आरडब्ल्यूए समिट 2022 में शामिल होने की अपील की। उन्होंने निगमायुक्त को बताया कि समिट की थीम कचरा प्रबंधन रहेगी। कचरा प्रंबधन से जुड़ी हुई नीतियों और नियामक ढांचे के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान करना है। यदि नगर निगम अधिकारी यहां होंगे तो बेहतर सुझाव हासिल किए जा सकेंगे।