हरियाणा

कुश्ती में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को किया चित्त

आखिरी दिन भी छाये हरियाणा के खिलाड़ी

चंडीगढ़, 8 जून । पंचकूला में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान बुधवार को कुश्ती मुकाबले के आखिरी दिन भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बरकरार रखा। आज हुए कुश्ती के फाइनल मुकाबलों में छोरे व छोरियों ने 5 में से 4 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसके अलावा 2 रजत और 2 कांस्य पदकों पर भी कब्जा किया।

लड़कों की 80 किलोग्राम भार वर्ग फ्री स्टाइल कुश्ती में फाइनल मुकाबला हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच हुआ। हरियाणा के सागर जागलान ने उत्तर प्रदेश के प्रवीन कुमार यादव को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया जबकि दिल्ली के मुकुल ने कांस्य पदक जीता।

इसी प्रकार, 92 किलोग्राम भार वर्ग ग्रीको रोमन कुश्ती में हरियाणा के साहिल ने दिल्ली के विशाल को मात देकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया जबकि हरियाणा के नवनीत और दिल्ली के अनिल ने कांस्य पदक जीते।

लड़कों की 55 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा और महाराष्ट्र के मध्य फाइनल मुकाबला हुआ। हरियाणा के सुरेंद्र ने महाराष्ट्र के वैभव पाटिल को कड़ी टक्कर दी। हालांकि गोल्ड मेडल के हकदार वैभव पाटिल बने तो वहीं सुरेंद्र ने सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। मध्य प्रदेश के श्रवण कौशल और कर्नाटक के अमित ने कांस्य पदक हासिल किए।

लड़कियों की 53 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा की अंतिम प्रथम रही। कुश्ती का फाइनल मैच हरियाणा की अंतिम और महाराष्ट्र की कल्यानी पांडुरंग के मध्य हुआ, जिसमें अंतिम ने कल्यानी को हराया और गोल्ड मेडल विजेता बनी। इसी प्रकार, हरियाणा की आरती और पंजाब की मंजीत कौर ने कांस्य पदक अपने नाम किया। लड़कियों की 65 किलोग्राम भार वर्ग कुश्ती में हरियाणा की पुलकित ने हरियाणा की ही खिलाड़ी अंजलि को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं, अंजलि को सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा जबकि महाराष्ट्र की पल्लवी अनिल और हरियाणा की वर्षा ने कांस्य पदक जीता।

आज हुए इन फाइनल मैचों के साथ ही कुश्ती के मैचों का समापन हो गया। इन मैचों के दौरान दर्शकों का खिलाड़ियों को भरपूर प्यार मिला।

उल्लेखनीय है कि कुश्ती में लगातार हरियाणा के छोरे व छोरियों का दबदबा रहा और अभी तक पदक तालिका में हरियाणा अपने आपको पहले नंबर पर बनाये रखने में कामयाब रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker