हिसार: अड़ानी समूह पर लगाए आरोपों की जांच करवाए सेबी व आरबीआई: बजरंग गर्ग
हिसार, 28 जनवरी। अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा है कि अमरीकन कंपनी अमरीकी फाइनेंशियल रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की ओर से अडानी समूह पर लगाए गये आरोपों की सेबी व भारतीय रिर्जव बैंक को जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमरीकन कंपनी द्वारा अडानी समूह की कंपनी के शेयर 85 प्रतिशत ओवर वेल्यू दिखाया जाना चिंता का विषय है।
बजरंग दास गर्ग ने शनिवार को कहा कि देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अड़ानी की अगुवाई वाले समूह पर खुले तोर पर शेयर में गड़बड़ी और लेखा-जोखा में धोखाधडी करने के आरोप लगाना चिंता का विषय है। हिंडनबर्ग कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में अड़ानी समूह के सभी कंपनियों के शेयर 85 प्रतिशत ओवर वैल्यू दिखाने का दावा किया है। अड़ानी समूह की कंपनियों ने भारतीय बैंकों से लगभग सवा दो लाख करोड़ रूपये का कर्ज ले रखा है। इसके अलावा देश की जनता ने अड़ानी समूह की कंपनियों में करोड़ों-अरबों रूपये का निवेश किया हुआ है। अगर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में सच्चाई है तो यह भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए आने वाले समय में बहुत बड़े खतरे का संकेत है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में अड़ानी समूह का महत्वपूर्ण स्थान है। अगर इतने बड़े समूह पर ऐसे गंभीर आरोप लगते हैं तो आने वाले समय में भारतीय बैंकों की व्यवस्था में भी हाहाकार मंच सकता है। इससे विदेशों से आने वाला पूंजी निवेश भी रूक सकता है। इससे विदेशी निवेशकों की नजरों में भी भारतीय अर्थव्यवस्था की खराब छवि बनेगी। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से भारतीय अर्थव्यवस्था को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है और देश 2023 में आर्थिक मंदी की तरफ भी जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अड़ानी समूह के चेयरमैन गौतम अड़ानी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ नजदीकी संबंध है जिससे इस समूह को काफी फायदा मिला है।