दुर्भाग्यपूर्ण है सीएम के घर पर तोड़फोड़ करने वालों को सम्मानित करना : सिसोदिया
नई दिल्ली
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर तोड़फोड़ करने वालों को सम्मानित कर रही है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि गैरकानूनी काम करने वालों को सम्मानित किया जा रहा है। इससे भाजपा का असली चेहरा उजागर होता है।
सिसोदिया ने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा ऐसे लोगों का समर्थन करती है जो गैरकानूनी काम करते हैं। किसी राष्ट्रीय पार्टी में बदमाशों का स्वागत किया जाना ठीक नहीं है। सिसोदिया ने कहा कि शुक्रवार को भाजपा कार्यालय में ऐसे लोगों का सम्मान कर मनोबल बढ़ाया गया जो जेल से बाहर निकले हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा में ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एक बयान दिया था। जिसको लेकर भाजपा ने केजरीवाल पर कश्मीरी पंडितों को अपमानित करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 30 मार्च को केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी आवास के मुख्य गेट तक पहुंच गए और बूम बैरियर के साथ सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।