कैथल: शिक्षा अधिकार मंच के पड़ाव में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने समर्थन का किया ऐलान
कैथल, 3 अक्टूबर। अध्यापक नेता सुरेश द्रविड़ पर दर्ज मुकदमे के विरोध में लघु सचिवालय में चल रहे जन शिक्षा अधिकार मंच के पड़ाव के छठे दिन सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने आंदोलन को कांग्रेस की ओर से समर्थन देने का ऐलान किया।
जयप्रकाश ने कहा कि सरकार का काम स्कूलों को बंद करना नहीं, नए स्कूल कॉलेज खोलकर शिक्षा का विस्तार करना होता है। चिराग जैसी योजना लाकर सरकार स्कूलों का निजीकरण करना चाहती है। शिक्षा को बचाने की लड़ाई लड़ रहे शिक्षक नेता सुरेश द्रविड़ पर दर्ज किए गए राजद्रोह के केस को वापिस लेकर एफआईआर को पूरी तरह से रद्द किया जाए। पड़ाव के छठे दिन रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रमेश हरित की अध्यक्षता में जयप्रकाश शास्त्री, अशोक शर्मा जय गोपाल हरिकेश कानूनगो महेंद्र सिंह कोच सुल्तान सिंह मुंदड़ी पुरुषोत्तम मुंदड़ी जगरूप सिंह सहारण पृथ्वी सिंह चंदाना मदन पहलवान रामकरण विमल चरण सिंह रात भर पड़ाव पर बैठे। अशोक शर्मा, जगरूप सहारण व महेंद्र सिंह कोच ने कहा कि प्रदेश सरकार मर्जर के नाम पर स्कूलों को बंद कर रही है।
सरकार स्कूली शिक्षा को बर्बाद करके हरियाणा प्रदेश के बच्चों को अनपढ़ रखना चाहती है। रिटायर्ड मुख्य अध्यापक जय गोपाल, हरिकेश कानूनगो व सुल्तान सिंह मुंदड़ी ने कहा कि आठवीं तक के लड़कियों के स्कूलों को पूरी तरह से बंद कर देना सरकार की महिलाओं के प्रति ओच्छी सोच का प्रतीक है। रिटायर्ड प्रिंसिपल जयप्रकाश शास्त्री पृथ्वी सिंह चंदाना व मदन लाल ने कहा कि सरकारी स्कूलों को खाली करके अपने पूंजीपति मित्रों को बने बनाए स्कूलों को सस्ते में बेचना चाहती है। चरण सिंह कोच, विमल सिंह व रामकरण ने कहा कि सरकार को स्कूलों को बंद करने की बजाय उनमें इंफ्रास्ट्रक्चर मुहैया करवाकर खाली पड़े 50 हजार पदों पर एचटेट पास किए हुए प्रदेश के नौजवान युवक युवतियों को लगाना चाहिए।