स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में बुंदेलखंड के जिला अस्पतालों का बेहतर प्रदर्शन
झांसी,02 जनवरी। बुंदेलखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के सरकार के प्रयासों के नतीजे भी सामने आने लगे हैं। कायाकल्प अवार्ड के लिए चयनित झांसी मंडल के जिला अस्पताल और महिला अस्पताल इसकी बानगी हैं। झांसी मंडल के 6 में से 5 जिला स्तरीय अस्पतालों को कायाकल्प अवार्ड की सूची में स्थान मिला है। ललितपुर के जिला महिला अस्पताल ने प्रदेश में 5वां स्थान हासिल कर बुंदेलखंड में बदल रही स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर पेश की है।
झांसी मंडल के इन अस्पतालों को अवार्ड
कायाकल्प अवार्ड वर्ष 2022-23 में जिला महिला अस्पताल ललितपुर ने 91.70 फीसदी अंक के साथ बुंदेलखंड में पहला और प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल मिला है। इसे 5 लाख की पुरस्कार धनराशि दी गई है। झांसी जिला महिला अस्पताल को 80.67 फीसदी, झांसी जिला अस्पताल को 80.47, जालौन जिला अस्पताल को 78.92 फीसदी और ललितपुर जिला अस्पताल को 74.39 फीसद अंक मिले हैं। इन सभी को 3-3 लाख का इनाम दिया गया है।
इस तरह होता है अस्पतालों का चयन
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के झांसी मंडल के मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनन्द चौबे ने बताया कि मंडल के 05 जिला स्तरीय चिकित्सालयों को कायाकल्प अवार्ड मिलना गर्व का विषय है।दिल्ली में बैठे अधिकारी भारत सरकार के मेरा अस्पताल पोर्टल के जरिए मरीजों को कॉल कर अस्पतालों की व्यवस्थाओं और सेवाओं की जानकारी लेते हैं। मरीजों की संतुष्टि के प्रतिशत के आधार पर 15 फीसदी वेटेज प्रदान किया जाता है। कायाकल्प योजना के तहत अस्पताल का रखरखाव, साफ-सफाई, बायो मेडिकल निस्तारण, ईको सिस्टम, इन्फेक्शन कंट्रोल, सहयोगी सेवाएं, स्वच्छता को बढ़ावा देने के कार्यों के साथ अस्पताल की चहारदीवारी के बाहर की व्यवस्थाओं को देखा जाता है। अगले चरण में मंडल के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व पीएचसी अवॉर्ड स्कीम में बेहतर प्रर्दशन करें, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएचसी और पीएचसी भी करेंगे प्रतिभाग
झांसी के मंडलायुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने कहा कि 5 जिला अस्पतालों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और उनकी टीम बधाई की पात्र है। इस प्रयास को निरंतर जारी रखा जाए और जिला स्तरीय अस्पतालों के बाद अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी कायाकल्प में अवार्ड के लिए नामित कराया जाए। झांसी मंडल के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प स्कीम में प्रतिभाग करना अनिवार्य किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक के 1-1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी इस योजना के अंतर्गत प्रतिभाग करना अनिवार्य होगा। इससे झांसी मंडल की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।