यमुनानगर: मन को छू गया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पथ संचलन
यमुनानगर,10 जनवरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यमुनानगर के कस्बा बूडिया स्थित मून फोर्ड पब्लिक स्कूल मे चल रहे सात दिवसीय प्राथमिक शिक्षा वर्ग पथ संचलन व दीक्षांत ग्रहण समारोह मंगलवार को सम्पन्न हो गया। समापन समारोह से पूर्व मन को छू लेने वाले पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पथ संचलन विद्यालय प्रांगण से प्रारंभ होकर बूडिया के विभिन्न रास्तों जैसे किला रोड, जैन की कोठी, गीता विद्या मंदिर व अन्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय प्रांगण आकर समाप्त हो गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षार्थियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यमुनानगर के संघ चालक मान सिंह आर्य ने कहा कि संघ हमे राष्ट्र की मुख्य धारा मे रहते हुए राष्ट्रीय चरित्र,संस्कृति,परंम्परा व जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होने कहा कि इन सात दिनों के संघ शिक्षा वर्ग मे आप सब लोगों ने कैसे रहना,कैसा व्यवहार करना,हमारे जीवन का क्या उद्देश्य,अपने देश धर्म,संस्कृति व परंपरा के समक्ष क्या क्या चुनौतियां हैं इन सब के बारे मे जाना और समझा है। उन्होंने कहा कि अब हम सब का कर्तव्य है कि यहाँ से अपने अपने क्षेत्रों मे जाकर जो कुछ भी सीखा है,उसे क्रियान्वित करना है। ताकि जो कुछ भी यहां रहकर सात दिनों तक लगातार सीखा,समझा और आत्मसात किया है,वह सार्थक हो सके। आर्य ने सभी शिक्षार्थियों को दीक्षित करते हुए सभी से देश,धर्म,संस्कृति की रक्षा करते हुए आह्वान किया कि वह संपूर्ण जीवन भर इन मूल्यों के साथ जीते हुए राष्ट्रमय जीवन जिएगें।इस मौके पर वर्ग कार्यवाह विनोद कुमार,वर्ग पालक आकाश सिंह सहित समाज के नागरिक भी उपस्थित रहें।