खेल

हॉकी इंडिया ने नवनीत कौर को 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर दी बधाई

भुवनेश्वर

हॉकी इंडिया ने भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी नवनीत कौर को 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा करने पर बधाई दी है। नवनीत ने शुक्रवार को यहां कलिंगा स्टेडियम में हो रहे एफआईएच हॉकी प्रो लीग में विश्व नंबर एक नीदरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान यह खास उपलब्धि हासिल की।

इस उपलब्धि को हासिल करने पर नवनीत को बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम ने कहा, “मैं नवनीत को इस यादगार उपलब्धि को पूरा करने के लिए बधाई देता हूं और मैं कामना करता हूं कि वह टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करती रहे और आने वाले वर्षों में टीम की सफलता में योगदान दें।”

हरियाणा की रहने वाली नवनीत, उस भारतीय टीम की फॉरवर्ड लाइन की सबसे प्रभावशाली सदस्यों में से एक थी जिसने नवंबर 2017 में 9वां महिला एशिया कप जीता था, जिसमें उन्होंने चार गोल किए थे। वह 2013 में जर्मनी में जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थीं।

स्ट्राइकर नवनीत ने 5वीं महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2018 के दौरान भारतीय टीम के साथ रजत पदक भी जीता है और वह राष्ट्रमंडल खेल 2018 और विटैलिटी हॉकी महिला विश्व कप लंदन 2018 में भाग लेने वाली टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी थीं।

नवनीत 2018 एशियाई खेलों जकार्ता-पालेमबांग में ऐतिहासिक रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य थीं। 2019 में, नवनीत एफआईएच सीरीज़ फ़ाइनल के साथ-साथ, एफआईएच ओलंपिक क्वालीफ़ायर में भी भारत की जीत का हिस्सा थीं।

ओलंपिक खेलों टोक्यो 2020 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम में नवनीत ने टीम की संरचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और फॉरवर्ड लाइन की एक महत्वपूर्ण सदस्य रहीं। हाल ही में, वह ओमान के मस्कट में महिला एशिया कप 2022 में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker