राष्ट्रीय

यूपी में हर घर तिरंगा अभियान से बच्चों को जोड़ेगी भाजपा

-घर के सबसे छोटे सदस्य से ध्वजारोहण कराएगी भाजपा

लखनऊ, 04 अगस्त । भाजपा आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। भाजपा कार्यकर्ता भारत माता की जय के लिए ही काम करते हैं। परम वैभव को प्राप्त करने के संकल्प को लेकर भाजपा लोगों को संगठन से जोड़ने के समय-समय पर अनेक अभियान चलाती है। हर घर तिरंगा अभियान भी उसी कड़ी का एक हिस्सा है। आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। इसलिए भाजपा ने हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से युवाओं के साथ-साथ बच्चों के मन मस्तिष्क में देशभक्ति की ज्वाला को और अधिक प्रखर करने की योजना बनाई है।

भाजपा के कार्यकर्ता 13 से 15 अगस्त तक घर-घर जाकर उस घर के सबसे छोटे सदस्य से झंडा फहरावाएंगे। साथ ही इस ध्वजारोहण का चित्र खींचकर प्रधानमंत्री के लिंक पर अपलोड करेंगे। भाजपा के इस मंतव्य के पीछे घर के सबसे छोटे सदस्य यानी बच्चों को भी पार्टी की रीति-नीति से परिचित कराने की है। जिस घर में बच्चे नहीं होंगे वहां युवा होंगे। तो युवा अपने घर पर तिरंगा फहराते हुए फोटो प्रधानमंत्री के लिंक पर अपलोड करेंगे। इस अभियान के माध्यम से जहां बच्चों एवं युवाओं के मन में राष्ट्रभक्ति का संचार होगा वहीं सेल्फी विद तिरंगा का रिकार्ड भी भाजपा के नाम होगा।

हर घर तिरंगा अभियान के संयोजक अमर पाल मौर्या ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि उत्तर प्रदेश के तीन करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक बूथ और शक्ति केन्द्रों पर बैठक हो रही है। इसके बाद 09 और 10 अगस्त को प्रदेशभर में मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 11 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी। 13 अगस्त को तिरंगा लेकर भजन, देशभक्ति गीत गाते हुए प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद 13 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराया जाएगा।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रदेश के मुस्लिम बहुल इलाकों में अल्पसंख्यक मोर्चा घर-घर तिरंगा फहराएगा। इसके अलावा मदरसों में मुस्लिम वर्ग से संबंधित स्वतंत्रता सेनानियों पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा 10 अगस्त को सभी विधानसभाओं में अल्पसंख्यक मोर्चा तिरंगा यात्रा निकालेगा। हर घर तिरंगा अभियान में युवा मोर्चा पूरी तरह से लगा हुआ है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदेशभर में तिरंगा रैली निकालकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाएंगे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आनन्द दुबे ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि बच्चे ही देश के भविष्य हैं। इसलिए बच्चों के मन में बचपन से ही त्याग, बलिदान, देशभक्ति की भावना एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव पैदा हो इसलिए पार्टी ने अपेक्षा की है कि घर के सबसे छोटे सदस्य से घरों के ऊपर तिरंगा फहरवाएं। आनन्द दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी आन बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा सम्पूर्ण देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधता है और राष्ट्र के प्रति समर्पण के भाव को और प्रबल करता है। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी के हर घर तिरंगा अभियान से सब लोग जुड़ें और अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker