उत्तर प्रदेश

 हवाओं की दिशाएं बदलने से साफ रहेगा आसमान, गिरेगा तापमान

कानपुर, 24 अक्टूबर। बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम हो गई हैं, जिससे आसमान में छाये बादल गायब हो जाएंगे और रात के तापमान में गिरावट होगी। इससे धीरे-धीरे लोगों को गुलाबी सर्दी महसूस होने लगेगी। मौसम विभाग का कहना है कि अब कानपुर परिक्षेत्र में बारिश की सम्भावना नहीं है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि चक्रवाती तूफान सितरंग पिछले दिन के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर पूर्व दिशा में चल रहा है। सोमवार को 5:30 बजे, पूर्वी मध्य और पश्चिम मध्य के आस-पास के क्षेत्रों और बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी के अक्षांश 17.8 उत्तर और देशांतर 88.6 पूर्व में पोर्ट ब्लेयर से लगभग 810 किमी उत्तर उत्तर-पश्चिम में, सागर द्वीप से 430 किमी दक्षिण, और बारीसाल बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिम में 580 किमी में था। यह उत्तर उत्तर पूर्व दिशा में आगे बढ़ना जारी रख सकता है। 25 अक्टूबर की सुबह बरीसाल के पास सैंडविप के पश्चिम में बांग्लादेश तट को पार कर सकता है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 31.0 और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 49 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 1.5 किमी प्रति घंटा रही।

भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह आसमान साफ रहने के कारण बारिश की कोई सम्भावना नहीं है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट की सम्भावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker