आप नेता ने भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और विधायक दुर्गेश पाठक ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आप नेता ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने यह निर्णय लिया है कि 2017 की तरह 2022 के एमसीडी चुनाव में भी वह अपने सभी पार्षदों का टिकट काटेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे में दिल्ली की जनता का एक ही प्रश्न है कि भाजपा अपने पार्षदों का टिकट क्यों काटती है ? क्योंकि इनके सभी पार्षद भ्रष्ट हैं और यह खुद भाजपा भी मानती है। 2017 में इनके सभी पार्षद भ्रष्ट थे इसलिए इन्होंने सबके टिकट काट दिए। सभी लिंटर पर उगाही करते थे, एमसीडी का पैसा खाते थे, वही हाल 2022 में भी है।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा खुद यह मानती है कि इनके सभी पार्षद भ्रष्ट हैं तो इनके खिलाफ आजतक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई ? 2017-22 तक देखा जाए तो इन पार्षदों ने लगभग 35 हजार करोड़ का भ्रष्टाचार किया है। एमसीडी का लगभग 50 प्रतिशत बजट खा गए लेकिन कोई एफआईआर नहीं, कोई कार्रवाई नहीं, सीबीआई-ईडी की कोई कार्रवाई नहीं की गई। पार्षद इनके चोरी करें, पार्षद इनके भ्रष्ट, पार्षद इनके लूट करें लेकिन जेल में डाले जाएंगे सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और अन्य नेता।