राष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने समर्थन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को किया फोन
नई दिल्ली, 24 जून । राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन कर समर्थन की मांग की।
सिन्हा ने यहां “हिन्दुस्थान समाचार” से खास बातचीत में कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को फोन किया। उन्होंने बताया कि दोनों से हालांकि उनकी बात नहीं हो पाई। सिन्हा ने उम्मीद जताई कि उनका सन्देश प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री तक पहुंचने पर फोन जरूर आएगा।
राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से आदिवासी समुदाय की महिला द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार घोषित किया गया है। ऐसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के रुख के बारे में पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत चल रही है।
सिन्हा ने सोरेन को याद दिलाते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति चुनाव में साझा उम्मीदवार तय करने के लिए हुई बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री उपस्थित थे। ऐसे में वह अपने वादे पर ही अडिग रहेंगे।
यशवंत सिन्हा ने आगे कहा कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) प्रमुख के. चंद्रशेखर राव भी पूरी मजबूती से उनके पक्ष में खड़े हैं।
सोमवार को करेंगे नामांकन
यशवंत सिन्हा सोमवार, 27 जून को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। वह दोपहर 12:15 बजे अपना नामांकन करेंगे। इस दौरान शक्ति प्रदर्शन के लिए विपक्ष के तमाम वरिष्ठ नेता सिन्हा के नामांकन में शामिल होंगे। सिन्हा 27 जून से अपना प्रचार अभियान शुरू करेंगे।