सिक्किमः ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बाइक रैली का आयोजन
गंगटोक, 05 अगस्त। ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को राजधानी गंगटोक से पाकिम तक एक बाइक रैली का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने झंडा लहराकर बाइक रैली की शुरुआत की।
’आजादी के अमृत महोत्सव’ के बैनर तले राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी बीच ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज राजधानी के मिंतोकगांग से एक बाइक रैली निकाली गई, जो पाकिम जिला प्रशासनिक केंद्र पहुंचकर समाप्त हुई। मुख्यमंत्री तमांग ने झंडा लहराकर बाइक रैली की शुरुआत की।
पाकिम में विधायक एम प्रसाद शर्मा और विधायक विष्णु कुमार खतिवड़ा ने बाइक सवारों का स्वागत किया। रैली में भाग लेने वाले सभी बाइक सवारों को विधायकों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
बाइक रैली का आयोजन राज्य परिवहन विभाग द्वारा किया गया था। इसका उद्देश्य ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करना है। बाइक रैली में विभिन्न बाइकर क्लबों के सदस्यों और इच्छुक व्यक्तियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर सिक्किमवासियों को संदेश देने के लिए बाइक रैली का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि देश भर में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन सिक्किम में इसकी शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी अभियान के तहत आज बाइक रैली का आयोजन किया गया है।