गन्नौर में सड़कों के निर्माण पर 26 करोड 10 लाख 56 हजार रूपये होंगे खर्च: त्यागी
प्रेसवार्ता करते जजपा ब्लाकाध्यक्ष अनिल त्यागी।
– जजपा ब्लाकाध्यक्ष अनिल त्यागी ने ग्रांट देने पर उपमुख्यमंत्री का जताया आभार
गन्नौर। जजपा ब्लाकाध्यक्ष अनिल त्यागी ने गन्नौर में सड़कों के निर्माण पर 26 करोड 10 लाख 56 हजार रूपये की स्वीकृत पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का आभार जताया है। त्यागी ने कहा कि उन्होंने गन्नौर क्षेत्र में टूटी हुई सड़कों के नवनिर्माण की मांग उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के समक्ष रखी थी। इस पर उन्होंने निर्माण कार्य स्वीकृत करने का आश्वासन दिया था। अब दुष्यंत चौटाला की तरफ से उनकी इस मांग को पूरा कर दिया है। अनिल त्यागी शनिवार को नपा रोड स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता कर रहे थे। त्यागी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने गन्नौर बेगा रोड, शाहपुर तगा, उमेदगढ़ से घसौली तक 5 करोड 28 लाख 57 हजार रूपये, राजलूगढ़ी बाला सैयद से छोटे राजपुर तक 4 करोड 14 लाख 30 हजार रूपये, गन्नौर से खेड़ी गुज्जर, आहुलाना, बली कुतुबपुर, सरढ़ाना से गन्नौर शाहपुर रोड तक 4 करोड 93 लाख 44 हजार रूपये, बेगा, घसौली, पबनेरा, ग्यासपुर से सोनारपुर तक 5 करोड 59 लाख 11 हजार रूपये व गन्नौर से चुलकाना रोड के सुधारीकरण 6 करोड 15 लाख 14 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की है। इन पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा उन्होंने गन्नौर की कुछ और क्षतिग्रस्त सड़कों के नवनिर्माण की मांग उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी है, जिनमें मुख्य रूप से गन्नौर, लालागढ़ी रोड से बड़ी गांव जाने वाली सड़क भी शामिल है। उपमुख्यमंत्री द्वारा इन सड़कों के नवनिर्माण की भी जल्द ही मंजूरी दी जाएगी।