राष्ट्रीय

दुनिया में बढ़ रहा देश-प्रदेश का मान, आगामी चुनावों में जीत हासिल कर अपनी ताकत बढ़ाएं कार्यकर्ताः तोमर

भोपाल, 24 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान बढ़ रहा है। आज दुनिया के अधिकांश देश भारत की ओर आशा भरी दृष्टि से देख रहे हैं। कभी बीमारू राज्य रहा मध्यप्रदेश भी अब तेजी से विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। इंदौर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के सफल आयोजन के साथ मध्यप्रदेश ने सारी दुनिया में अपनी श्रेष्ठता स्थापित की है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता भी अपनी भूमिका पर विचार करें। आगामी चुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाकर अपनी ताकत बढ़ाएं और पार्टी के पितृ पुरुषों के सपनों को साकार करें।

यह बात केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में आज विकास का जो वातावरण है, उसे देखकर हम गर्व के साथ यह कह सकते हैं कि प्रदेश विकसित राज्यों की कतार में अपने कदम बढ़ा रहा है। लेकिन प्रदेश की यह स्थिति हमेशा से नहीं है। 2003 के पहले मध्यप्रदेश एक बीमारू राज्य था। भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में उमा दीदी, स्व. बाबूलाल गौर और शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश को आगे बढ़ाया।

निवेशकों को आकर्षित कर रही प्रदेश की अनुकूलता, गुड गवर्नेंस

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों की हालत खराब थी, बिजली के अभाव में उद्योगपति प्रदेश छोड़ने का मन बना रहे थे। भाजपा की सरकार बनने के बाद यह महसूस किया गया कि प्रदेश में निवेश आए, इसके लिए जरूरी है कि यहां अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर हो, गुड गवर्नेंस हो और बिजली-पानी की उपलब्धता हो। भाजपा सरकार ने इस दिशा में प्रयास शुरू किए। उसी का नतीजा है कि 2003 के पहले जहां प्रदेश में सिर्फ 2900 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था, अब 26000 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। प्रदेश में पहले जहां सिर्फ 7 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, अब बढ़कर 42 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होने लगी है और प्रदेश सरकार ने 65 लाख हेक्टेयर में सिंचाई का लक्ष्य तय किया है। मध्यप्रदेश की अच्छी सड़कों की चर्चा पूरे देश में हो रही है। मध्यप्रदेश अब निवेशकों के लिए सबसे अनुकूल है। यहां जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर और गुड गवर्नेंस है। इंदौर में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की सफलता में भी प्रदेश की इस अनुकूलता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

प्रदेश में होगा 15.40 लाख करोड़ का निवेश, पैदा होंगे 29 लाख रोजगार

केंद्रीय मंत्री तोमर ने इंदौर में आयोजित ग्लोबल इंन्वेस्टर्स समिट की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वैश्विक नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं और भारत संघाई को-ऑपरेशन तथा जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। दुनिया में देश के इस बढ़ते प्रभाव का असर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर भी दिखाई दिया। इस समिट में 84 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री जी ने 100 से अधिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की। यही वजह है कि इस समिट में 15.40 लाख करोड़ से अधिक के करार हुए, जो एक बड़ी सफलता है। इतने निवेश से प्रदेश में 29 लाख रोजगार पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की ओर बढ़ रहा है। भारत की यह विकास यात्रा जारी रहे, इसके लिए जरूरी है कि पार्टी कार्यकर्ता अपनी ताकत बढ़ाएं और आने वाले चुनावों में फिर भाजपा को जिताएं, फिर मोदी सरकार बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker