कैथल : कैथल की खिलाड़ी कीर्ति ढुल ने जीता गोल्ड
कैथल,19 सितंबर। सर्बिया में हुई अंतरराष्ट्रीय गोल्डन ग्लोव बाक्सिंग स्पर्धा में कैथल की खिलाड़ी कीर्ति ढुल ने 81 प्लस किलो भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है।रविवार को देर रात कीर्ति का फाइनल मुकाबला हुआ था। इस मुकाबले में कजाकिस्तान की खिलाड़ी को 5-0 से हराया। इसी स्पर्धा में लासू यादव भी 70 किलो में कांस्य पदक जीत चुकी हैं।
कैथल से दो खिलाड़ियों ने ही स्पर्धा में भाग लिया था और दोनों ने पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। यहां पहुंचने पर दोनों का स्वागत किया जाएगा। अब 14 से 26 नवंबर तक स्पेन में यूथ महिला और पुरुष विश्व बाक्सिंग चैंपियनशिप होनी है। दोनों इस स्पर्धा में स्थान बनाने और पदक लाने के लिए तैयारी करेंगी। दोनों खिलाड़ी आरकेएसडी कालेज में चल रहे बाक्सिंग प्रशिक्षण केंद्र पर कोच राजेंद्र सिंह, विक्रम ढुल और गुरमीत सिंह के पास अभ्यास करती हैं। कोच विक्रम ढुल ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों को खेल मंत्री संदीप सिंह, राज्यमंत्री कमलेश ढांडा, डीएसओ अमरजीत सिंह ने बधाई दी है। बता दें कि मूल रूप से गांव हरसौला निवासी कीर्ति ढुल अब नेहरू गार्डन कालोनी में रह रही हैं। चाचा विक्रम ढुल अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाक्सर रहे हैं और उन्हें देखकर ही कीर्ति ने खेलना शुरू किया था।