हरियाणा

हर घर तिरंगा अभियान – विशेष प्रचार मुहिम में किया आमजन को जागरूक

-लोगों को 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने के लिए किया जा रहा है प्रेरित

सोनीपत, 26 जुलाई।आजादी अमृत महोत्सव की श्रृंखला में देशभर में मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक सोनीपत जिला के हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा राष्टï्र गौरव के साथ फहराया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी महाअभियान में सोनीपत जिला की उल्लेखनीय भागीदारी रहे इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संजीदगी के साथ आमजन की भागीदारी रखते हुए अभियान को सफल बनाने में अपना दायित्व निभा रहा है। 

जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डा.अमित कुमार अग्रवाल व उपायुक्त ललित सिवाच के निर्देशानुसार विभाग की भजन मंडली आमजन को हरियाणवी लोक गीतों व भजनों के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान में भागीदार बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। विशेष प्रचार मुहिम के अंतर्गत आमजन में हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूकता लाने के लिए जनसंपर्क विभाग के लोक कलाकारों कपूर सिंह लीडर भजन पार्टी, कृष्ण कुमार जुआं व कृष्ण कुमार भावड़ ने मंगलवार को जिला के गांव बढखालसा व नांगल में हरियाणवी लोकगीतों व भजनों के माध्यम से प्रचार करते हुए लोगों को अपने-अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। पार्टी कलाकारों ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। हरियाणा प्रदेश वीरों की भूमि है और देश की रक्षा में तैनात सैनिकों में सोनीपत जिले की उल्लेखनीय भागीदारी है। सोनीपत क्षेत्र के वीर बहादुर सैनिकों ने दुश्मन देशों से भारत देश की रक्षा करते हुए अपना लहू बहा दिया लेकिन राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को नहीं झुकने दिया। हमें ऐसे वीर बहादुर सैनिकों पर गर्व होना चाहिए और उनके मान-सम्मान में हमें अपने घर पर तिरंगा फहराकर उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करनी चाहिए।

विशेष प्रचार मुहिम में जिला वासियों से अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का आह्वान किया जा रहा है। इस महाअभियान के तहत जिला के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी और अर्ध सरकारी स्वायत संस्थानों पर भी तिरंगा फहराया जाएगा, जिससे आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत होगी। विभाग के पार्टी कलाकारों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष लोक गीत तैयार किए हैं।। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker