राष्ट्रीय

ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी नौसेनाओं के साथ भारत ने किया बहुराष्ट्रीय अभ्यास

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। दक्षिण अफ्रीका के पोर्ट पर ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी नौसेनाओं के साथ भारत ने भी बहुराष्ट्रीय समुद्री अभ्यास इब्सामर में हिस्सा लिया है। इसमें भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व तेग क्लास गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट, आईएनएस तरकश, एक चेतक हेलीकॉप्टर और मार्कोस स्पेशल फोर्स ने किया। यह अभ्यास तीन दिनों तक चला जिसमें बंदरगाह और समुद्री दोनों चरण शामिल थे।

नौसेना प्रवक्ता विवेक मधवाल के अनुसार संयुक्त बहुराष्ट्रीय समुद्री अभ्यास इब्सामर में हिस्सा लेने के लिए भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस तरकश 10 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका पहुंच गया था। इब्सामर अभ्यास का सातवां संस्करण 10 से 12 अक्टूबर 22 तक दक्षिण अफ्रीका के पोर्ट ग्रीकुरिया पर हुआ, जिसे एलिजाबेथ पोर्ट के रूप में भी जाना जाता है। इब्सामर का औपचारिक उद्घाटन समारोह 11 अक्टूबर को आयोजित किया गया। इसके बाद अभ्यास के बंदरगाह चरण में डीसी और एफएफ अभ्यास, वीबीएसएस, क्रॉस बोर्डिंग व्याख्यान, संयुक्त डाइविंग ऑपरेशन और क्रॉस-डेक यात्राओं सहित पेशेवर जानकारी साझा की गई। नौसेनाओं के बीच पेशेवर बातचीत भी हुई, जिसमें क्षति नियंत्रण और अग्निशमन अभ्यास, वीबीएसएस, क्रॉस बोर्डिंग मुख्य मुद्दे रहे।

अभ्यास का समुद्री चरण 12 अक्टूबर को आयोजित किया गया, जिसमें समुद्री संचालन के व्यापक स्पेक्ट्रम को शामिल किया गया। डीब्रीफ और समापन समारोह आईएनएस तरकश पर आयोजित किया गया। सातवें संस्करण में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व तेग क्लास गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट, युद्धपोत आईएनएस तरकश, एक चेतक हेलीकॉप्टर और मरीन कमांडो फोर्स (मार्कोस) ने किया। अभ्यास के उद्देश्यों में समुद्री संबंधों को मजबूत करना, संयुक्त परिचालन सैन्य प्रशिक्षण को बढ़ावा देना, समुद्री अपराधों का मुकाबला करना, संचार की समुद्री लाइनों को सुरक्षित करना और समुद्र में सामान्य विकास को आगे बढ़ाने के लिए तालमेल बढ़ाना शामिल था।

दक्षिण अफ्रीकी जल क्षेत्र में होने वाले इस अभ्यास का मकसद ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी नौसेनाओं के साथ समुद्री सुरक्षा, संयुक्त परिचालन प्रशिक्षण, सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने के साथ ही सामान्य समुद्री खतरों को दूर करने के लिहाज से एक-दूसरे को मजबूत करना था। लंबे समय से चले आ रहे त्रि-राष्ट्र समुद्री अभ्यास को आगे बढ़ाने का निर्णय इसी साल मार्च में साइमन टाउन में राष्ट्रीय रक्षा बल की योजना बैठक में लिया गया था। दक्षिण अफ्रीकी नौसेना ने अभ्यास के लिए अपने चार वेलोर क्लास फ्रिगेट्स में से एक और दो मैरीटाइम रिएक्शन स्क्वाड्रन बोर्डिंग टीमों को सक्रिय किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker