मोदी सरकार ने 8 साल में 2.50 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाने का काम कियाः गिरिराज सिंह
नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल की सरकार ने प्रति वर्ष केवल 11 लाख मकान ही बनाए, जबकि मौजूदा नरेन्द्र मोदी सरकार ने मात्र 8 साल में 2.50 करोड़ से अधिक घर बनाने का काम किया है।
भाजपा मुख्यालय में गिरिराज सिंह और पार्टी प्रवक्ता केके शर्मा ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। सिंह ने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान की चर्चा तो सब सरकारों ने की, लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण लाकर रोटी, मकान एवं कपड़े की व्यवस्था की। इसके साथ ही आवास योजना के द्वारा महिलाओं का सशक्तिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर 60 साल बनाम 8 साल की बात करें तो। 60 साल में केवल 3 करोड़ 26 लाख घर इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत बनें। जबकि मात्र 8 साल में मोदी सरकार ने 2.50 करोड़ से अधिक घर बनाने का काम किया है।
अभी तक शहर में 58 लाख पक्के मकान बन चुके हैं।
सिंह ने कांग्रेस की छत्तीसगढ़ और तृणमूल कांग्रेस की पश्चिम बंगाल सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा किे ग़रीबों को प्रधानमंत्री आवास के मामले में छत्तीसगढ़ और प.बंगाल की सरकार पीछे रहे हैं। ये दुर्भाग्यपूर्ण की बात है कि इन दोनों सरकार ने इस दिशा में अच्छा काम नहीं किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने करीब 35 लाख से अधिक मकान प्रति वर्ष बनाए हैं। जबकि कांग्रेस शासन में प्रति माह 94 हजार घर बनाए गए और मोदी सरकार में हमने 2.62 लाख से ज्यादा आवास प्रतिमाह बनाए हैं। उन्होंने आगे कहा कि शहरी आवास के तहत इस साल 80 लाख नए आवास हमें और बनाने हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक शहर में 58 लाख पक्के मकान बन चुके हैं, जिसके लिए 1.18 लाख करोड़ रुपये शहरी गरीबों को दिए जा चुके हैं।