कैथल: पटाखों के गोदाम पर सीएम फ्लाइंग की रेड
कैथल, 14 अक्टूबर। शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने कैथल के अंबाला रोड पर एक पटाखों के गोदाम में छापा मारकर लाखों रुपए के पटाखे जब्त किए हैं। सीएम फ्लाइंग की टीम को गोदाम से परमिट में दी गई अनुमति से अधिक रखे गए अनार, बम, पटाखे, फुलझड़ी, बुलेट बम व अनार बम बरामद किए हैं। गोदाम की जांच 2 घंटे से अधिक समय तक जारी रही और इस दौरान एसडीएम संजय सिंह ने भी मौके का मुआयना किया।
फायर ऑफिसर गुरमेल सिंह ने बताया कि सुशील ब्रदर्स नाम से पटाखों के गोदाम का लाइसेंस 2003 में जारी किया गया है। लाइसेंस 5 साल बाद रिन्यू किया जाता है। अब इनके पास 2019 से लेकर 2024 तक का पटाखे रखने का लाइसेंस है, जो फरीदाबाद से जारी किया गया है। लाइसेंस के अनुसार 1300 किलोग्राम फुलझड़ी व 200 किलोग्राम ग्रीन पटाखे रखने की अनुमति है। लेकिन मौका पर मिले पटाखे लाइसेंस में दी गई अनुमति से कहीं अधिक पाए गए हैं। कैथल की डीसी डॉक्टर संगीता तेतरवाल ने 11 अक्टूबर को पटाखों के गोदाम की एनओसी के बारे में लेटर जारी किया था। इस गोदाम की एनओसी 5 साल के लिए 2019 में जारी की गई है। लाइसेंस के अनुसार जितनी मात्रा में गोदाम में बारूद रखने की इजाजत दी गई है। उसके अनुसार आग बुझाने के प्रबंध किए गए हैं, लेकिन जितना अधिक बारूद गोदाम से बरामद हुआ है। उसको देखते हुए आग बुझाने के यहां कोई पर्याप्त प्रबंध नहीं मिले हैं। जिससे कोई हादसा हो सकता था। सीएम फ्लाइंग जींद की टीम का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें अनुमति से अधिक पटाखों के भंडारण की सूचना मिली थी। जिस पर उन्होंने इस गोदाम में रेड की है। गोदाम में पटाखों का भंडारण अनुमति से अधिक पाया गया है। जिसकी जांच की जा रही है।