गन्ने के भाव बढ़ाने को लेकर किसानों का चीनी मिल में हला-बोल, कांटे पर बैठकर दो घंटे तक रखा काम बंद
सोनीपत
दी सहकारिता चीनी मिल सोनीपत में किसानों ने गन्ने के भाव को बढ़ाने की मांग को लेकर चीनी मिल में रोष-प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) व भारतीय किसान पंचायत के पदाधिकारियों सोनीपत व आहुलाना चौ. देवीलाल चीनी मिल में कांटे पर बैठकर दो घंटे तक रोष-प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार की ओर से गन्ने का भाव 450 रुपये तक नहीं बढ़ाया गया तो 9 जनवरी तक धरने जारी रखे जाएंगे। 10 जनवरी को करनाल में महापंचायत की जाएगी। जिसमें सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया जाएगा।
भाकियू के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोहताश बेनिवाल, जिलाध्यक्ष जयसिंह दहिया, गन्नौर ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र पहल, भारतीय किसान पंचायत से छतर सिंह जाहरी, दलबीर, सचिन ने कहा कि पंजाब सरकार ने गन्ने का भाव बढ़ा रखा है। प्रदेश की गठबंधन सरकार गन्ने का भाव बढ़ाने को लेकर कोई पहल नहीं कर रही है। अनेदखी के कारण प्रदेश में किसानों को गन्ने का भाव पंजाब से कम दिया जा रहा है, जबकि पिछले कुछ सालों में देशभर में गन्ने का भाव हरियाणा में सबसे ज्यादा रहा था। लागत बढ़ने के बावजूद सरकार अब भी किसानों को 362 रुपये प्रति क्विंटल भाव दे रही है। जिससे किसानों को घाटा झेलना पड़ रहा है। पंजाब में गन्ने का भाव 380 रुपये प्रति क्विंटल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव तय करें। जिससे किसानों को होने वाली परेशानी से बचाया जा सके। इस संबंध में पहले प्रबंध निदेशक अनुपमा मलिक को ज्ञापन दिया जा चुका है। विधायक मोहनलाल बड़ौली के आवास पर धरना दिया जा चुका है।
चीनी मिलों में चीनी रिकवरी बेहत्तर, खोई के भाव गन्ने के रेट से ज्यादा-
सहकारी चीनी मिलों के गन्ना पेराई की रिकवरी बेहतर आ रही है। लेकिन गन्ने का भाव बढ़ाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया तो 9 जनवरी तक चीनी मिल के गेट पर धरने दिए जाएंगे। 10 जनवरी को करनाल में महापंचायत करके सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया जाएगा। इस दौरान सोनीपत सहकारी चीनी मिल में राजेश बिधलान, दलबीर ठरू, राजेश बिधलान, रोहतास शेखपुरा, नफे सिंह ठरू, सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
24 घंटे में सोनीपत चीनी मिल में क्षमता से अधिक गन्ने की हुई पेराई-
किसानों ने दो घंटे तक मिल के कांटे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान तोल का काम प्रभावित हुआ, लेकिन पेराई के काम में किसी प्रकार की कोई परेशनी मिल प्रबंधन की तरफ से नहीं आने दी। चीनी मिल में शाम के चार बजे तक 8 हजार 907 क्विंटल गन्ने की पेराई की गई। वहीं अब तक सोनीपत चीनी मिल में 8 लाख 57 हजार 408 क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। सोनीपत चीनी मिल की पेराई क्षमता 22 हजार क्विंटल प्रतिदिन है। पिछले 24 घंटे में सोनीपत चीनी मिल ने 22174 क्विंटल गन्ने की पेराई की, जोकि क्षमता से अधिक है। तेजी से पिराई होने की वजह से किसानों को राहत मिली है।