कीव पर रूस ने का किया हमला
कीव, 26 जून । युक्रेन पर रूस के हमले लगातार जारी हैं। इस कड़ी रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर रविवार सुबह मिसाइलों से हमला किया।
कीव के मेयर विताली क्लित्स्चको ने जानकारी दी कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर रविवार तड़के रूस ने हमला कर कम से कम दो आवासीय इमारतों को निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार हमले के बाद कीव में राहत एवं बचाव कर्मी आग की लपटों पर काबू पाने के लिए जुट गए। मेयर क्लित्स्चको ने कहा कि चार घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सात साल की एक बच्ची को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया है।
क्लित्स्चको का मानना है कि मैड्रिड (स्पेन) में इस हफ्ते होने वाली उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की बैठक से पहले यह संभवत: एक प्रतीकात्मक हमला है।
यूक्रेन के सांसद ओलेक्सी गोनचारेंको के अनुसार रूस ने कीव क्षेत्र पर कम से कम 14 मिसाइल दागी। कीव पर इस तरह का हमला करीब 20 दिन बाद देखने को मिला है।
इस बीच, रूसी सैनिक पूर्वी लुहांस्क क्षेत्र में यूक्रेन के शेष गढ़ पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। रूसी सैनिक सेवेरोदोंतेस्क के खंडहरों और रासायनिक संयंत्र, जहां सैकड़ों यूक्रेनी सैनिक और नागरिक छिपे हुए हैं, पर पूर्ण नियंत्रण कायम करने के लिए अपनी गतिविधियां तेज कर रहे हैं।
लुहांस्क क्षेत्र के गवर्नर सेरहीय हैदई ने रविवार को कहा कि रूस लाईसीचांस्क शहर पर तेज हमले कर रहा है और उसके टेलीविजन टावर को नष्ट कर दिया है तथा उसने एक पुल को भी गंभीर क्षति पहुंचाई है।