यमुनानगर : दो समुदाय के बीच पथराव, कई घायल
यमुनानगर
बारात जाने की तैयारी कर रहे एक समुदाय के लोगों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया और घर में तोड़फोड़ की। इस हमले में कई महिलाएं एवं पुरुष गम्भीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें यमुनानगर के ट्रामा सेंटर में लाया गया है। पुलिस ने गांव में पहुंचकर माहौल को शांत कराया।
घटना जठलाना थाने के अंतर्गत आने वाले गांव नांगल की है। घायलों ने बताया कि वे आज सुबह 8 बजे के करीब घर में बारात जाने की तैयारियां कर रहे थे। तभी दूसरे समुदाय के लोगों ने हमारे घर पर चारों ओर से पड़ोस की छतों से पत्थर व ईंटों से हमला कर दिया। मकान के अंदर घुसकर बुरी तरह से तोड़फोड़ की और बाइक को भी तोड़ दिया। इसमें 12 से अधिक महिलाएं एवं पुरुष घायल हो गए।
घायलों का कहना है कि दिवाली परपटाखे जलाने को लेकर दोनों समुदायों के बीच झगड़ा हुआ था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते यह जान लेवा हमला किया है।
जठलाना थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है और माहौल को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही। उसके आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।