महिला सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : केजरीवाल
नई दिल्ली, 01 सितंबर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते दिनों एक लड़की की तीन लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी है। हालांकि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और उपराज्यपाल को उचित कदम उठाना चाहिए, हम अपने स्तर पर सहयोग के लिए तैयार हैं।
केजरीवाल ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि एक रिपोर्ट बताती है कि दिल्ली में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। यह कलंक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था केन्द्र सरकार के हाथ में है इसलिए केन्द्र सरकार को इसे गंभीरता से लेनी चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि केन्द्र सरकार दिल्ली सरकार को बदनाम करने के लिए आप नेताओं पर झूठे केस करवा रही है। इससे देश का समय खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर रेड कराने से गुजरात में आम आदमी पार्टी का 04 फीसदी वोट शेयर बढ़ गया है। अगर मनीष सिसोदिया को ये लोग गिरफ्तार करेंगे तो हमारा 06 फीसदी वोट वहां और बढ़ जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा आप सरकार के कार्यों में बाधा डाल रही है। लेकिन खुद विधायकों को खरीद कर विपक्षी पार्टियों की सरकारों को गिराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के कर्ज माफ कर रही है लेकिन दिल्ली सरकार बच्चों के स्कूल बना रही है। अच्छे अस्पताल बनवा रही है। केजरीवाल ने कहा वह चाहते हैं कि देश के सभी बच्चों को समान शिक्षा मिले।