डिजिटल नहीं असली गेम्स में बच्चों को लगाएं: नवीन गोयल
-स्कूल खेल में पदक जीते निर्भय शर्मा को नवीन गोयल ने किया सम्मानित
– राज्य स्तरीय स्कूल खेल में जिम्नास्टिक में पाया तीसरा स्थान
सिद्धार्थ राव, गुरुग्राम। हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूल खेलों में जिमनास्टिक चैंपियनश्पि में गुरुग्राम के निर्भय शर्मा पुत्र दर्पण शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया है। निर्भय शर्मा की इस उपलब्धि पर पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने बधाई देते हुए उसे सम्मानित किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता, ललित क्रांतिकारी, मनीष नारंग, प्रवीन, मोहित वत्स, विजय वर्मा, सुधीर, सुधीर कलसन आदि मौजूद रहे।
नवीन गोयल ने कहा कि हर माता-पिता अपने बच्चों को स्कूलों में शिक्षा के साथ किसी न किसी खेल से भी जोड़ें। बचपन से ही हमें बच्चों का सर्वांगीण विकास करना चाहिए। जिम्नास्टिक खेल बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि स्कूल हो या घर, बच्चों का ध्यान मोबाइल स्क्रीन से हटाकर खेलों की तरफ लगाना चाहिए। आज के समय में अधिक समय स्क्रीन पर बिताने के चलते बच्चों की आंखों पर बुरा असर पड़ता है। बच्चों की आंखों को बचाने के लिए उन्हें घूमने की आदत डालें। बच्चों का सर्वांगीण विकास करने के लिए जरूर है कि अपनी पौराणिकता की ओर हम बढ़ें। खेतों में ना सही आसपास के पार्कों में बच्चों को सुबह-शाम घुमाना चाहिए। इससे बच्चे मोबाइल से भी दूर रहेंगे और हरियाली में घूमने से उनकी आंखों की रोशनी भी बढ़ेगी। श्री गोयल ने कहा कि कई सर्वे में यह सामने आ चुका है कि मोबाइल बच्चों की आंखों की रोशनी छीन रहा है। ऐसे में जरूरी है कि हम बच्चों को डिजिटल गेम्स की बजाय असली खेलों की तरफ लेकर जाएं। इससे बच्चे मजबूत बनेंगे। उनकी शरीर मजबूत बनेगा और मानसिक मजबूती भी होगी।