प्रयागराज महापौर की सीट आरक्षित होने पर भाजपा से कई दावेदार
प्रयागराज, 05 दिसम्बर। प्रयागराज महानगर के महापौर की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने पर पिछड़े समाज के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का महापौर प्रत्याशी बनने के लिए जहां कई दावेदार सामने आ रहे हैं। वहीं इस बार उत्तर प्रदेश किन्नर वेलफेयर बोर्ड की सदस्य और किन्नर अखाड़ा उप्र की महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरी भी महापौर के चुनाव में प्रत्याशी होंगी।
महापौर चुनाव प्रत्याशी के बारे में भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि महापौर की सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित होने पर भारतीय जनता पार्टी से प्रबल दावेदारों में मुख्य रूप से पार्षद किरन जायसवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग अश्वनी कुमार पटेल, पदुम जायसवाल, पूर्व विधायक दीपक पटेल, कविता यादव, पार्षद अखिलेश सिंह, दिलीप चौरसिया, पिछड़ा वर्ग के महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा, राजेश कुमार गुप्ता, पार्षद अखिलेश सिंह दम भर रहे हैं।
वहीं, उत्तर प्रदेश किन्नर वेलफेयर बोर्ड की सदस्य और किन्नर अखाड़ा उत्तर प्रदेश की महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरी भी चुनाव में प्रत्याशी होगी। इसकी तैयारियां उन्होंने जोर-शोर से शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि महापौर पद पर चुनाव लड़ने के लिए पार्टी की गाइडलाइन के तहत भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में आवेदन किया है और इसकी जानकारी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी दे दिया है। कहा कि बड़ी संख्या में उनसे जुड़े लोगों ने भी चुनाव की तैयारियां शुरू कर दिया है। अंत में कहा कि समाज सेवा के जरिए लोगों की सेवा और शहर का चतुर्दिक विकास करना है।