उद्योगपति राबर्ट वाड्रा ने शिर्डी में साईबाबा के दर्शन किए
मुंबई, 30 अक्टूबर। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के कारोबारी पति रॉबर्ट वाड्रा ने रविवार को शिर्डी में साईबाबा के दर्शन किए। साईं संस्थान की मुख्य कार्यकारी अधिकारी भाग्यश्री बनायत ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
साई बाबा का दर्शन करने के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया को बताया कि उन्हें यहां आकर बहुत शांति मिली है। उन्होंने कहा कि साईं बाबा को देखकर मन प्रसन्न हुआ। यहां आकर ऊर्जा मिली। उन्होंने कहा कि आज मैंने साईं बाबा का आशीर्वाद लिया है, अगली बार परिवार के साथ आऊंगा। साईं बाबा की शिक्षाओं के अनुसार देश को सर्व-धार्मिक सद्भाव की आवश्यकता है।
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को जन समर्थन मिल रहा है। वह बहुत जल्द इस यात्रा में भी शामिल होने वाले हैं। राबर्ट वाड्रा ने कहा कि देश में बदले की राजनीति से लोग परेशान है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से उद्योगपति देश छोड़कर जा रहे हैं। देश में बेरोजगारी की समस्या बढ़ती जा रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने साई बाबा से देश की खुशहाली और राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए आशीर्वाद मांगा है।