आप और भाजपा दोनों दल निगम चुनाव में कर रहे हैं धन, बल का दुरुपयोग : चौधरी अनिल
नई दिल्ली, 21 नवंबर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों दल निगम चुनाव में धन और बल का दुरुपयोग कर रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को चुनाव आयोग के सामने उठाएगी।
चौधरी ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि निगम चुनाव में भाजपा दूसरे प्रत्याशियों को डरा रही है। इस मुद्दे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री भी चुप हैं। यह दोनों दल दिल्ली की जनता के हितों के बारे में नहीं सोचते हैं। इस लिए निगम चुनाव में जनता इन दोनों दलों को जवाब देगी।
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली नगर निगम चुनाव भ्रष्टाचार, प्रदूषण, गंदगी, कूड़े के पहाड़ों के मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए। जिसको कांग्रेस पार्टी क्रमवार उठाकर भाजपा और आम आदमी पार्टी की विफलताओं को दिल्ली वासियों के सामने उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी निगम चुनावों में जीतने के बाद दिल्ली का कायाकल्प करेगी। जिसका हम संकल्प कर चुके हैं।