उत्तर की ओर खिसक रही मानसून की ट्रफ लाइन, बारिश में आ रही कमी
कानपुर, 04 सितंबर। हवाओं की दिशाएं बदलने से बीते कई दिनों से तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। वातावरण में नमी होने के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी भी परेशान कर रही है। अब मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर की ओर खिसक गई है जिससे बारिश में भी कमी आ गई है और हवाओं की दिशाएं बदलने से बादल भी कानपुर से उड़कर आगे निकल गये हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने रविवार को बताया कि हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम हो गई हैं, जिससे शुष्क हवा कानपुर परिक्षेत्र में आ रही हैं। वहीं वातावरण में नमी होने के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी भी परेशान कर रही है। वर्तमान में मानसून की रेखा अमृतसर, अंबाला, बरेली, गोरखपुर, दरभंगा, उत्तरी बांग्लादेश एवं असम होते हुए नगालैंड की ओर गुजर रही है। मौसम विभाग ने कानपुर मंडल में अगले कुछ दिन तक वर्षा की गतिविधि कम होने की संभावना जताई है। हालांकि मानसून की रेखा बरेली, गोरखपुर से गुजरने के कारण बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन धूप भी खिलेगी। मानसून की अक्षीय रेखा सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसकी है। इसी वजह से वर्षा में कमी आई है और तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अगले कुछ दिन तक इसी तरह का मौसम रहने के आसार हैं।
ट्रफ लाइनः पाकिस्तान एवं राजस्थान के बीच के क्षेत्र में जब लो प्रेशर सिस्टम बनता है, तब उससे निकलने वाली रेखा ट्रफ लाइन कहलाती है। यह लाइन अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी के साथ दोनों ओर से हवाएं खींचती है। इस वजह से मानसून सक्रिय होता है।