राष्ट्रीय

राजस्थान में सियासी घमासान के बीच सोनिया गांधी ने कमलनाथ को बुलाया दिल्ली

भोपाल, 26 सितंबर। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच सोनिया गांधी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को दिल्ली बुलाया है। वे सोमवार को दोपहर में दिल्ली रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि उन्हें राजस्थान के मामले को सुझलाने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके साथ ही मीडिया में ऐसी अटकलें भी लगनी शुरू हो गई हैं कि कमल नाथ को कांग्रेस की कमान भी सौंपी जा सकती है।

मप्र कांग्रेस के पदाधिकारियों के अनुसार कमल नाथ का अभी दिल्ली जाने का कोई कार्यक्रम नहीं था। मंगलवार को नर्मदापुरम में उनकी जनसभा होनी है। इसको लेकर तैयारियां की जा रही थीं। इसी बीच सोमवार को उन्हें दिल्ली आने का संदेश दिया गया। इसके बाद वे साढ़े बारह बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर सहमति नहीं बन रही है। बताया जा रहा है कि राजस्थान के घटनाक्रम को लेकर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा के बाद कमल नाथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात कर सकते हैं।

गौरतलब है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ का नाम भी चर्चा में आया था लेकिन उन्होंने इससे साफ इनकार करते हुए कहा था कि वे मध्य प्रदेश में ही रहेंगे। यहां अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं, इसलिए वे उसकी तैयारियों में जुटे हैं। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के लिए मचे घमासान और कमल नाथ को दिल्ली बुलाए जाने के बाद एक बार फिर अटकलों का दौर शुरू हो गया है।

अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष के लिए प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे लेकिन राजस्थान में सियासी संकट के लिए उन्हें ही जिम्मेदार माना जा रहा है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इससे देश में यह संदेश जा रहा है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री रहते हुए वे अपने राज्य में अपनी पार्टी के विधायकों को संभालने में नाकाम हो गए। अगर वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो आगे स्थिति बिगड़ सकती है। इसीलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए कमलनाथ का नाम आगे किया जा सकता है। सोनिया गांधी के बुलाने पर कमलनाथ दिल्ली रवाना हो गए हैं। उनके दिल्ली पहुंचने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker