राष्ट्रीय

भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी की माता का कनखल में हुआ अंतिम संस्कार

हरिद्वार, 26 सितंबर। बिहार के सारण से सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी की माता प्रभा सिंह का आज कनखल में पूर्ण विधि विधान के साथ दाह संस्कार किया गया। वे 88 वर्ष की थीं।

प्रभा सिंह पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और दिल्ली के मैक्स अस्पताल में चिकित्सारत थीं। वह सांसद रूडी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर ही उनके साथ रहती थीं। उन्होंने 25 सितम्बर को मैक्स अस्पताल में ही सुबह 11.59 बजे अंतिम सांस ली थी।

सोमवार को उनकी पार्थिव देह कनखल श्मशान घाट लाई गई, जहां वैदिक विधि विधान के अनुसार उनका दाह संस्कार किया गया। उनकी पार्थिव देह को उनके ज्येष्ठ पुत्र रणधीर प्रताप सिंह ने मुखाग्नि दी।

जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने स्वयं उपस्थित हो पूरे विधि विधान से दाह संस्कार की विधि को करवाया।

गौरतलब है कि राजीव प्रताप रूडी की माता प्रभा सिंह अत्यंत धर्मपरायण महिला थीं। उनका जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज के हरिहर आश्रम, हरिद्वार वे भारत माता मंदिर से गहरा लगाव था। वे उक्त दोनों स्थानों की वरिष्ठ साधिका भी थीं और जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज के आश्रम में नियमित आती-जाती रहती थीं। स्वामी अवधेशानंद गिरि भी उनको अपनी माता समान ही मानते थे। यही कारण है कि उनकी अस्वस्थता की जानकारी मिलते ही उन्होंने उनके स्वास्थ्य की पल-पल की जानकारी ली।

राजीव प्रताप रूडी के पिता का देहांत तभी हो गया था जब रूडी मात्र 7 वर्ष के थे। प्रभा सिंह ने तीन पुत्र और दो पुत्रियों का पालन-पोषण की जिम्मेदारी पति के निधन के बाद उठायी और वह कभी अपने कर्तव्यपथ से विमुख नहीं हुईं। पिता की तरह अनुशासन और माता का लाड़-प्यार उन्होंने बच्चों को दिया। उनकी इच्छा थी कि उनके निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार में हो।

सोमवार को हरिद्वार के कनखल में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रभा सिंह अपने पीछे पांच पुत्र-पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ कर गई हैं, जिसमें बड़े पुत्र रणधीर प्रताप सिंह, पुत्री चित्रा सिंह, रेखा सिंह, पुत्र सुधीर प्रताप सिंह और सबसे छोटे पुत्र राजीव प्रताप रूडी हैं। सांसद रूडी की माता की धर्मपरायणता, अनुशासन, सदाचारिता, परोपकारिता, कर्तव्यपरायणता, सामाजिकता और समरसभाव जैसे सद्गुणों की प्रतिमूर्ति थीं।

सांसद रूडी ने कहा कि जन्म देकर मुझे कर्म का पाठ पढ़ाने वाली मां आज चिरनिद्रा में सो गई हैं। मेरी मां साधारण गृहणी होकर असाधारण मातृत्व की प्रतिमूर्ति थीं। हमारे भाई-बहनों के बाल्यकाल में ही पिता का देहावसान हो गया था लेकिन मां ने ही हमें पितृत्व का भी अनुशासन-पाठ पढ़ाया। हम सभी भाई-बहनाें की समस्त जिम्मेदारी इस सहज भाव से मां उठाती रहीं। कभी पिता की अनुपस्थिति का भान नहीं होने दिया। अब तक उनके अभिभावकत्व में ही हम सब पल्लवित-पुष्पित होते रहे। वह सदा-सर्वदा हमारे हृदय में रहेंगी।

इस अवसर पर जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा नेता राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन, हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय सहगल, पूर्व राज्यमंत्री पंकज सहगल समेत अनेक गण्यमान्य लोगाें ने स्व. प्रभा सिंह को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कई अन्य साधु-संत भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker