अंतर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में सेना का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, दो मेजर सहित छह जवानों की मौत

इस्लामाबाद, 26 सितंबर। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हेलीकॉप्टर में सवार पाकिस्तानी सेना के दो मेजर सहित छह जवानों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। पाकिस्तानी सेना ने भी इन सभी छह लोगों की मौत होने की पुष्टि की है।

पाकिस्तान के बलूचिस्तान के हरनाई जिले के खोस्त शहर में रविवार देर रात पाकिस्तानी सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर पर पाकिस्तानी सेना के दो मेजर (ये दोनों पायलट भी थे) सहित छह लोग सवार थे। पाकिस्तानी सेना की मीडिया एफेयर्स विंग ने जानकारी दी कि दोनों पायलटों सहित हेलीकॉप्टर पर सवार सभी छह लोगों की मृत्यु हो गयी। सेना की ओर से दुर्घटना के कारणों की जानकारी नहीं दी गयी है।

हादसे में मरने वाले लोगों में 39 वर्षीय मेजर खुर्रम शहजाद और 30 साल के मेजर मुहम्मद मुनीब अफजल शामिल हैं। इनके अलावा 44 वर्षीय सूबेदार अब्दुल वाहिद, 27 वर्षीय सिपाही मुहम्मद इमरान खान, 30 वर्षीय नायक जलील और 35 वर्षीय सिपाही शोएब मृतकों में शामिल हैं। इससे पहले अगस्त में भी पाकिस्तानी सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में भी सेना के छह जवानों की मौत हुई थी। उड़ान भरते-भरते यह हेलीकॉप्टर अचानक लापता हो गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker