दिल्ली विधानसभा के बाहर भाजपा ने केजरीवाल और सिसोदिया का फूंका पुतला
नई दिल्ली, 01 सितंबर। दिल्ली विधानसभा के बाहर पूर्व मेयर जय प्रकाश के नेतृत्व में भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला भी जलाया। जय प्रकाश ने बताया कि दिल्ली विधानसभा के बाहर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के पुतले फूंक कर रोष जताया गया।
दिल्ली विधानसभा में पिछले चार दिनों से विशेष सत्र चल रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री अपने भ्रष्टाचार को दबाने के लिए सदन का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल और सिसोदिया भ्रष्टाचारियों के शुभचिंतक हैं। सिसोदिया को बर्खास्त कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज देना चाहिए। वहीं आज विधानसभा के विशेष सत्र में भाजपा और आप विधायकों के बीच में हंगामा जारी रहा। डिप्टी स्पीकर राखी बिड़ला ने भाजपा के विधायक विजेंद्र गुप्ता को पूरे सत्र से निष्कासित कर दिया।
वहीं, भाजपा के 6 विधायकों को मार्शल के सहायता से दिनभर के लिए बाहर कर दिया गया। इसके बाद भाजपा के विधायक दल नेता और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सदन की कार्यवाही से वाकआउट करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।