डिजिटल अर्थव्यवस्था को विश्वास और सुरक्षा के संयुक्त चश्मे से देखना चाहिए : राजीव चंद्रशेखर
मुंबई, 13 दिसंबर। भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने कहा कि महाराष्ट्र में 15 डेवलपमेंट वर्किंग ग्रुप की बैठक होनी हैं। इसी तरह पूरे भारत के 56 शहरों में 215 से ज्यादा मीटिंग होंगी। इसलिए यह भारत की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के साथ ही शहरों के बुनियादी ढांचे में सुधार करने और भारत की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को उजागर करने का एक बड़ा अवसर है।
शेरपा अमिताभ कांत जी-20 शिखर सम्मेलन के तहत मुंबई में मंगलवार को आयोजित वर्किंग ग्रुप की बैठक को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार जल्द ही नेशनल डेटा गवर्नेंस फ्रेमवर्क पॉलिसी के तहत एकसमान और सुसंगत अज्ञात डेटा सेट एकत्र करना शुरू करेगी। बैठक का आयोजन डाटा फॉर डेवलपमेंट की थीम पर किया गया था।
भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता संभालने के बाद जी-20 डेवलपमेंट वर्किंग ग्रुप की यह पहली आधिकारिक बैठक थी। राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि भारत के पास एक जीवंत स्टार्ट-अप इको सिस्टम और एक मजबूत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इको सिस्टम है। इसलिए हम उम्मीद करते हैं कि कंपनियां अपने एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए इस बड़े डेटाबेस का तेजी से उपयोग करेंगी। हमारा उद्देश्य नवाचार को बढ़ावा देना और अधिक प्रभावी नीति और व्यावहारिक समाधान बनाना है।
राजीव चंद्रशेखर ने अनुकूल विकास के लिए डिजिटल डेटा और डेटा संचालित हस्तक्षेपों के महत्व पर प्रकाश डाला। डेटा के दुरुपयोग के खिलाफ आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और इस उद्देश्य के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि हमें डिजिटल अर्थव्यवस्था को विश्वास और सुरक्षा के संयुक्त चश्मे से देखना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि नवीन प्रौद्योगिकी के माध्यम से डेटासेट के उपयोग का दूरगामी प्रभाव होगा और इससे जमीनी स्तर पर विकास कार्य को लाभ होगा और डिजिटलीकरण का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि दीर्घकालीन विकास के लिए विकसित और विकासशील देशों को मिलकर काम करने की जरूरत है। यह महत्वपूर्ण है कि हम एक ओर डेटा संप्रभुता और सुरक्षा के बीच सही संतुलन पाते हैं और डेटा कॉमन्स की धारणा वैश्विक समुदाय को लाभान्वित कर सकती है।