सोनीपत: आई तीज बिखेरगी बीज, ऋतु परिवर्तन की दिलकश शुरुआत है: विधायक बड़ौली
-मीठी तै कर दे री माँ कोथली, आई ऐ माँ मेरी सामण की तीज
सोनीपत, 29 जुलाई। राई क्षेत्र के विधायक मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि आई तीज बखेरगी बीज यह वाक्य वास्तव में सार्थक है त्रतु परिवर्तन की दिलकश शुरुआत का संदेश है। मीठी तै कर दे री मां कोथली, आई ऐ मां मेरी सामण की तीज। तीज के मौके पर गाये जाने वाले यह सुरीले गीत दिल में उतरमते चले जाते हैं। वे शुक्रवार को सेक्टर-15 में तीज के उपलक्ष्य में आयोजित महोत्सव पर शिव पार्क में बोल रहे थे।
विधायक बड़ौली अपनी अर्धांगिनी गीता के नेतृत्व में आयोजित तीज महोत्सव में आस-पास की महिलाओं ने शिरकत की। गीत गाया- आई तीज बिखेरेगी बीज। झूलण चाली पहरकै लाल दामण, दामण की घूमै कली-कली।। मीठे व दिल का छू लेने वाले गीतों को महिलाओं ने अपने स्वर दिए।
बड़ौली ने तीज महोत्सव की बधाई देते हुए जिला एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि तीज पर्व भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। तीज पर्व से ऋतु परिवर्तन की भी अनूठी शुरुआत होती है। यह परिवर्तन हिंदुस्तान में ही देखने को मिलते हैं, जहां कई प्रकार की ऋतुएं होती हैं। जबकि अन्य देशों में लगभग एक समान मौसम ही रहता है। रिमझिम बरसात से मौसम सुहाना हो जाता है। भीषण गर्मी से राहत मिलती है। हरियाली तीज उमंग से भरा त्योहार है। बच्चे और बड़े साथ मिलकर झूला डालते हैं। सब मिलकर झूलने का आनंद उठाते हैं। गूंजियां व गुलगुले बनाये जाते हैं। भाजपा नेता आजाद नेहरा, सतीश तुषीर, राकेश मलिक, मंजू, संतोष, अंजू तथा शशि सहित अनेकों महिलाओं ने तीज महोत्सव मनाया।