हरियाणा

हरियाणा में व्याप्त है भय का माहौल, प्रदेश को तालिबान बनाना चाहती है ये सरकार: नफे सिंह राठी

* केवल भाजपा के खिलाफ बोलने वालों को मिल रही है जान से मारने की धमकी: नफे सिंह राठी

* इंडियन नेशनल लोकदल लगातार जनहित की आवाज उठाती है और उठाती रहेगी

सिद्धार्थ राव, बहादुरगढ़। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी, उनके भतीजे युवा नेता कपूर सिंह राठी व उनके पी.ए सुखबीर सिंह सरोहा को फेसबुक के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद भी सरकार व प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। तीन अलग-अलग शिकायत देने के बावजूद भी अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। नफे सिंह राठी ने कहा कि प्रदेश में लगातार कानून व्यवस्था चौपट होती जा रही है, जिस वजह से उन्हें व उनके परिवार के अलावा प्रदेश के अन्य वर्तमान 7 विधायकों को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन सरकार आंखे मूंदे सारा तमाशा देख रही है। सरकार व प्रशासन को चाहिए कि वह तुरंत प्रभाव से ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार करें, ताकि प्रदेश में अमन चैन कायम हो सके।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि उिनके पी.ए सुखबीर सिंह सरोहा को 10 जुलाई 2022 को किसी चिराग नयन नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिस पर उनके पी.ए सुखबीर सिंह सरोहा ने लाइनपार थाना में एक शिकायत दी थी, लेकिन 5 दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई अपराधी पकड़ा गया और न ही एफआईआर दर्ज की गई। जिसके बाद उन्होंने व उनके भतीजे कपूर सिंह राठी ने भी शहर थाना, मुख्यमंत्री, डीजीपी व एसपी झज्जर को शिकायत दी और अपराधी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति भाजपा के कुनीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, उन्हीं को इस प्रकार की धमकियां लगातार मिल रही हैं। जिससे सरकार की नाकामी साफ झलकती है। शिकायत देने के बावजूद भी मामला दर्ज कर कार्रवाई न किया जाना यह दर्शाता है कि शायद भाजपा को किसी बड़े हादसे का इंतजार है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भय का माहौल व्याप्त है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भाजपा सरकार प्रदेश को तालिबान बनाने पर तुली है। उन्होंने कहा कि वह बहादुरगढ़ से दो बार विधायक व दो बार नगर परिषद का चेयरमैन रह चुके हैं और अभी हाल में इंडियन नेशनल लोकदल हरियाणा का अध्यक्ष हैं। साथ ही वह पूर्व विधायक एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष व भारतीय शैली कुश्ती संघ का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। जिस वजह से उन्हें बहुत सी जगहों पर जाने का अवसर मिलता है, लेकिन इतना बुरा हाल कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष से लेकर हारे हुए विधायकों तक को सुरक्षा मुहैया करवाई गई है, लेकिन जिन लोगों को धमकियां मिल रही हैं, उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की जा रही है, जो अपने आप में भाजपा का तानाशाही रवैया है। इस मौके पर हलका प्रभारी आशीष मेहरा, प्रवीण अरोड़ा, राजेश खत्री, राज सिंह वर्मा, प्रदीप सिन्हा, महेंद्र राठी, पार्षद मोहित राठी, पार्षद जितेंद्र राठी, कंवल सिंह यादव, ओमप्रकाश डोरा, रवींद्र डावला, अमित अहलावत, राजू प्रजापति सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker