बेगूसराय की बेटियां करेगी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में एलएनएमयू का प्रतिनिधित्व
बेगूसराय, 07 जनवरी। पंजाब के अमृतसर में आयोजित होने वाले ऑल इण्डिया इंटर यूनिवर्सिटी (गर्ल्स) ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित छात्राओं की टीम शनिवार को रवाना हो गई।
अमृतसर के गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में नौ से 12 जनवरी तक होने वाले इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में बेगूसराय के पांच खिलाड़ी भाग ले रहे है। इसके लिए बेगूसराय के चयनित अंडर-46 किलो भार वर्ग में रानी प्रवीण (जी.डी. कॉलेज), अंडर-49 किलो में पूजा कुमारी (एस.के. महिला कॉलेज), अंडर-53 किलो में रागनी कुमारी (एस.के. महिला कॉलेज), अंडर-57 किलो में आकांक्षा कुमारी (ए.पी.एस.एम. कॉलेज, बरौनी) तथा अंडर-62 किलो में तोफा कुमारी (एस.बी.एस.एस. कॉलेज) भाग लेंगे।
बेगूसराय की यह पांचों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा का प्रतिनिधित्व करेंगे। उक्त खिलाड़ियों का चयन एपीएसएम कॉलेज बरौनी में एक चयन ट्रायल प्रतियोगिता के तहत किया गया था। टीम के अच्छे प्रदर्शन के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति सुरेन्द्र प्रताप सिंह, विश्वविद्यालय खेल विभाग के कोर्डिनेटर मनीष राज, बरौनी रेल न्यायाधीश रंजीता सिन्हा, बरौनी रेल डीएसपी गौरव पांडेय, एपीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार, जी.डी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राम अवधेश कुमार, एसबीएसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह, एस.के. महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विमल कुमार, जिला ताइक्वांडो संघ अध्यक्ष रजनीश रंजन, सचिव नंदु कुमार, कल्याण केन्द्र के सचिव भोगेन्द्र कुमार कमल, उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी वागीश आनंद, जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, जी.डी. कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष पुरषोत्तम कुमार एवं जिला कोच मणिकांत आदि ने शुभकामना दिया है।