नगर निकाय चुनाव में भाजपा की लड़ाई सपा व बसपा से नहीं, कांग्रेस से है : धीरज गुर्जर
लखनऊ, 28 नवम्बर। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मुख्यालय पर नगर निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गयी। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने की। बैठक में राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि वर्तमान समय में देश व प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों एवं कार्यशैली से पीड़ित है। इसी क्रम में हमारे नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं, जिसमें पीड़ित जनता उनसे मिलकर अपना दुख दर्द साझा कर रही है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर हमारी रणनीति तैयार हो चुकी है और इस बार होने वाले नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की लड़ाई सपा, बसपा से न होकर कांग्रेस से होगी, क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में उखाड कर फेंक सकती है। धीरज गुर्जर ने कहा कि देश प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार तथा नगर निकाय में भारतीय जनता पार्टी के प्रचण्ड बहुमत होने के बावजूद भी शहरों में एण्टी लार्वा का छिड़काव व फागिंग तक नहीं हो पा रही है। महानगर पालिका प्रदेशवासियों को बुनियादी सुविधायें तक नहीं दे पा रही है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है। आए दिन महिलाओं, किशोरियों पर अत्याचार की घटनायें योगी सरकार की महिला सुरक्षा नीति की पोल खोल रही हैं। एक सर्वे के मुताबिक यूपी में प्रतिदिन 12 रेप की घटनायें घट रही हैं, जिसे देखकर यह लगता है कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है। प्रदेश में जीरो टालरेन्स पर क्राइम का दावा करने वाली योगी सरकार विफल साबित हो चुकी है।