सोना तस्करी मामले में संदेह की सुई मुख्यमंत्री विजयन की ओरः भाजपा
नई दिल्ली, 13 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि वर्ष 2020 के सोने की तस्करी के मामले में संदेह की सुई मुख्यमंत्री और उनके परिवार की ओर जाती है।
भाजपा मुख्यालय में आज केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन और वरिष्ठ नेता टॉम वडक्कन ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। चंद्रशेखर ने कहा कि वर्ष 2020 में जब सोने की तस्करी का मामला सामने आया तो मुख्यमंत्री केरल पिनाराई विजयन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। लेकिन उसके बाद से सरकार ने जांच पर रोक लगा दी है । उन्होंने कहा कि हाल के खुलासे विस्फोटक और अभूतपूर्व हैं। यह मुख्यमंत्री और उनके परिवार की ओर इशारा करते है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुद्रा की तस्करी और अपने आधिकारिक आवास पर कई अस्पष्ट खेप प्राप्त करने वाली इस साजिश के केंद्र में मुख्यमंत्री स्वयं हैं। चंद्रशेखर ने आगे कहा कि लोगों ने मामले की जांच करने की बजाय इसका खुलासा करने वाली महिला को पैसा देने की पेशकश की और धमकी भी दी।
चंद्रशेखर ने पिनाराई की चुप्पी पर सवाल खड़ा करते हुए उनसे पूछा कि एडीजीपी ब्रोकिंग सेटलमेंट को रातों-रात क्यों हटा दिया गया? क्या यह मुख्यमंत्री की संलिप्तता की पुष्टि नहीं करता है? उन्होंने यह भी जानना चाहा कि आखिर एडीजीपी किसका पैसा दे रहा था ?