राष्ट्रीय

गुजरात: वडोदरा में आप-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई

वडोदरा, 08 अक्टूबर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वडोदरा में रोड शो के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई।

देर तक हंगामे के बाद पुलिस की मध्यस्थता से मामला शांत हुआ। इससे पूर्व वडोदरा हवाईअड्डे के बाहर ‘हिन्दू विरोधी केजरीवाल गो बैक’ के स्लोगन सड़कों पर लिखे गए। इसके अलावा केजरीवाल के विरोध में शहर में लगे बैनरों को हटाने के मुद्दे पर भी भाजपा और आप कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हुई।

गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा में अब गिनती के दिन ही बचे हैं। इससे सभी पार्टियां अपनी जोर आजमाइश में जुटी हैं। शनिवार को वडोदरा में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का रोड शो आयोजित किया गया था। इसका समय तीन बजे निर्धारित था लेकिन केजरीवाल शाम करीब 6 बजे पहुंचे। इनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए। वडोदरा के न्याय मंदिर शहीद भगत सिंह चौक से पोला ग्राउंड के पास कीर्ति स्तंभ तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान बारिश में भीगते कार्यकर्ता रोड शो में शामिल हुए। रोड शो से पहले केजरीवाल के हिन्दू विरोधी छवि का पोस्टर लगाया गया। इस पोस्टर को हटाने पहुंचे आप कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की भिड़ंत हुई।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम की मौजूदगी में हिन्दू देवी-देवताओं के विरुद्ध शपथ लेने की घटना के बाद राजनीति में फिर से धर्म का मामला उछला है। इसकी वजह से केजरीवाल की वडोदरा रैली से पूर्व उनकी पार्टी की हिन्दू विरोधी छवि के पोस्टर लगाए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker