हिसार: पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारतीय संस्कृति का डंका : कैप्टन अभिमन्यु
हिसार, 27 अक्टूबर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री की मजबूत नेतृत्व शक्ति का ही परिणाम है कि आज न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी भारतीय संस्कृति का डंका बज रहा है। ब्रिटेन व अमेरिका जैसे देशों में दीवाली की धूम रही, वहीं अयोध्या में 15 लाख द्वीप प्रज्ज्वलित करके विश्व रिकॉर्ड बनाना प्रशंसनीय है।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि दीपावली के दिन अयोध्या में 15 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किया जाना ऐतिहासिक क्षण रहा और यह एक विश्व रिकॉर्ड बना है, जो हमारे देश व भारतीय संस्कृति के लिए गौरवशाली बात है। पूरी दुनिया ने इस भव्य दिव्य दृश्य को देखा। उन्होंने ब्रिटेन में ऋषि सुनक के प्रधानमंत्री बनने का स्वागत करते हुए कहा कि यह देश के लिए गर्व का विषय है कि भारतीय मूल का व्यक्ति आज ब्रिटेन का प्रधानमंत्री है। दुनिया भर में बसे भारतीयों में एक नया आत्मविश्वास दिख रहा है। अब केवल भारत ही नहीं बल्कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री निवास पर दीवाली कार्यक्रम हुआ, अमेरिका की उप राष्ट्रपति के निवास पर दीवाली कार्यक्रम हुआ और अमेरिका में दीवाली के अवसर पर छुट्टी होना भारत के बढ़े हुए क़द का प्रमाण है।