छठ घाटों पर व्यवस्था का दिल्ली सरकार के मंत्रियों और “आप” के विधायकों ने लिया जायजा
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर। छठ पूजा के आयोजन को बेहतर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी ने आज पूरी ताकत झोंक दी। दिल्ली सरकार के मंत्रियों से लेकर विधायकों और कार्यकर्ताओं ने छठ घाटों का जायजा लिया। छठ पूजा से पहले तमाम व्यवस्थाओं को अपनी मौजूदगी में दुरुस्त करवाया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पुस्ता के प्रधान एन्क्लेव स्थित त्यागी छठ घाट का निरीक्षण किया। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने नारायणा विहार क्लब स्थित डीडीए पार्क, विधायक दिलीप पांडे ने मुखर्जी नगर स्थित सिगनेचर अपार्टमेंट, विधायक संजीव झा ने प्रधान एनक्लेव मैं तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए व्रतियों से भी उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने छठ पूजा के शानदार इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा है। दिल्ली में केजरीवाल सरकार बनने के बाद लगातार छठ पूजा के आयोजन बेहतर किए गए हैं।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल बनने के बाद राजधानी में छठ पूजा का विस्तार हुआ है। पूरी दिल्ली में 11 सौ से अधिक घाटों पर छठ पूजा हो रही है। कोरोना की वजह से इसमें थोड़ी रुकावट आई थी लेकिन इस साल हर्ष उल्लास के साथ छठ पूजा का आयोजन हो रहा है।
आम आदमी पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने कहा कि छठ महापर्व पर छठी माता सभी को सुखी रखें। भगवान सूर्य आप सबको सुख, शांति, संपन्नता प्रदान करें। जिस भी मनोभाव से आप सब लोग आए हैं, वह मनोकामनाएं पूर्ण हों। सभी परिवार और बच्चे अच्छे से रहें, मैं यही कामना करता हूं।