बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धर्म रक्षा का लिया संकल्प
अयोध्या, 05 जनवरी। विश्व हिन्दू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के नेतृत्व में गुरुवार को सोहावल में त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम हुआ। इसमें युवाओं ने त्रिशूल दीक्षा प्राप्त कर प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अवध प्रांत के प्रांत संयोजक महेश तिवारी ने बजरंग दल की स्थापना तथा संघर्ष के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि संघर्ष, सेवा, सुरक्षा, संस्कार की त्रिवेणी पर चलने वाला बजरंग दल है, जो आज भारत में हिंदुओं का सुरक्षा कवच बन गया है। हम सभी को बजरंग दल पर गर्व होना चाहिए।
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री मोहित ने कहा कि आज सभी सनातनियों को एकत्रित होने की जरूरत है। एक समुदाय के लोग एक दिन में पांच बार एकत्रित हो जाते हैं, लेकिन हिन्दू धर्म के लोग मंदिर तक जाने से परहेज करते हैं। उन्होंने कहा कि अपने धर्म को आगे बढ़ाने के लिए न केवल जागरूक होना होगा, बल्कि संघर्ष करते हुए आम हिन्दू को जागृत भी करने की जरूरत है। हमें अपने बच्चों में रोजाना मंदिर जाने तथा सप्ताह में कम से कम एक बार हनुमान चालीसा पढ़ने के संस्कार डालने होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन ने पूरे प्रदेश में त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम चलाया हुआ है। इसी कड़ी में आज यहां भी आयोजन किया गया है। सदस्यों को त्रिशूल देने का उद्देश्य यह है कि वे अपनी शक्ति को पहचानें तथा अपने धर्म की रक्षा करें। कार्यक्रम के दौरान करीब सौ कार्यकर्ताओं को त्रिशूल वितरित किया गया। कार्यक्रम के समापन के दौरान कार्यकर्ताओं ने धर्म रक्षा की शपथ ली।
इसके बाद बजरंग दल की शौर्य यात्रा निकाली गई, जो मंदिर से विभिन्न मार्गों से होती हुई सोहावल में समाप्त हुई। कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल के जिला संयोजक लालजी शर्मा ने किया।
इस अवसर पर,जिला सह संयोजक गोंडा विपिन पांडे,प्रखंड अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा,विशेष संपर्क प्रमुख दिवाकर पांडेय,जिला गौ रक्षा सेवा प्रमुख रामराज सिंह, जिला सुरक्षा प्रमुख छविनाथ , विक्कू चौरसिया,प्रखंड सह संयोजक दिशान्त मिश्रा, विकल,सुनील कनौजिया प्रखंड सह संयोजक, नीरज शर्मा, प्रखंड सुरक्षा प्रमुख सज्जन दुबे, पवन गुप्ता ,नगर अध्यक्ष अशोक गुप्ता आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।