राष्ट्रीय

 भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी : पार्टी ने 2023 में सभी 9 राज्यों के चुनाव जीतने का लिया संकल्प

नई दिल्ली, 16 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को नौ राज्यों में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर 2023 को पार्टी के लिए अहम बताया और राष्ट्रीय कार्यकारिणी से चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान किया। पार्टी ने एक भी राज्य का चुनाव नहीं हारने का प्रण लिया।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक में कहा कि 2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमें 9 राज्यों में चुनाव लड़ना है। इसके लिए पूरी कार्यकारिणी को कमर कसनी होगी ।

उन्होंने कहा,“2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमें 9 प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने पूरी कार्यकारिणी से आह्वान किया कि चुनाव के लिए कमर कस लें, हमें सभी 9 राज्यों में जीत दर्ज करनी है।”

प्रसाद ने कहा कि देशभर के 100 लोकसभा क्षेत्रों में 72 हजार बूथ चिह्नित किए गए थे जहां भाजपा कमजोर थी और जहां हमें पहुंचना था लेकिन हम 1 लाख 30 हजार बूथों तक पहुंचे और पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अध्यक्ष ने मोदी जी के नेतृत्व में 220 करोड़ से अधिक खुराक प्रदान करने वाले टीकाकरण कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए न्यू इंडिया की कार्य संस्कृति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्राणों पर भी प्रकाश डाला जिसमें औपनिवेशिक अतीत के निशानों से मुक्ति, भारत की परंपरा पर गर्व करना, विकसित भारत बनाने की प्रतिबद्धता, विविधता में एकता और राष्ट्र के प्रति नागरिकों को जिम्मेदार बनाना शामिल है।

प्रसाद ने कहा कि भाजपा प्रमुख ने हाल ही में संपन्न हुए चुनावों पर भी चर्चा की और कहा कि गुजरात की जीत ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। हिमाचल चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि हम सरकार बदलने की परंपरा को बदलने वाले थे लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि गुलामी के दुर्भायपूर्ण अतीत को समाप्त करते हुए 75 साल तक चले ”राजपथ” को बदल कर हमने ”कर्तव्य पथ” किया, अपनी परंपराओं पर गर्व करते हुए हुए काशी कॉरिडोर बना, महाकाल लोक बना, केदारनाथ का वैभव पुनर्स्थापित हुआ और अब राम मंदिर बन रहा है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अध्यक्ष ने यह भी कहा की कि भारत ने ब्रिटेन को पछाड़ कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। इतना ही नहीं हम मोबाइल फोन के दूसरे सबसे बड़े निर्माता बन गए हैं और भारत में उपयोग किए जाने वाले 95 प्रतिशत से अधिक मोबाइल फोन मेड इन इंडिया हैं।

उन्होंने कहा कि नड्डा जी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि हम सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन बना रहे हैं। हमारा फिन-टेक आंदोलन अब दुनिया भर में 40 प्रतिशत डिजिटल लेनदेन में योगदान देता है। यह मेड इन इंडिया और विकसित भारत बनाने के प्रति हमारे संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक विकसित भारत का जो हमारा संकल्प था वो साकार होता दिख रहा है। रक्षा सौदे आज पूरी ईमानदारी के साथ हो रहे हैं। बॉर्डर रोड 3600 किलोमीटर तक बने हैं जबकि कांग्रेस के रक्षामंत्री ऐसा करना ही नहीं चाहते थे।

अपने संबोधन के दौरान नड्डा जी ने यह भी कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि हमारे अध्यक्ष आदिवासी समुदाय से आते हैं और वंचित वर्ग को हमारी पार्टी ने सम्मान दिया है. यह सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के हमारे संकल्प को दर्शाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker