खाप पंचायत में मंत्री संदीप के नारनौंद के इलाकों में प्रवेश पर लगाया प्रतिबंध
चंडीगढ़, 8 जनवरी। नारनौंद में रविवार को एक रोष पंचायत में सर्वसम्मति से हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह की नारनौंद व आसपास के इलाकों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही संदीप सिंह के कहीं भी आने पर उनका विरोध करने का भी निर्णय किया।
रविवार को नारनौंद की दादा देवराज धर्मशाला में राष्ट्रवादी विद्याथीज़् कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया दूहन की बुलाई गई रोष पंचायत में आसपास के बड़ी संख्या में खाप प्रतिनिधियों ने भाग लिया। रोष पंचायत में सोनिया दूहन ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली सरकार के मंत्री ही बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ कर रहे हैं। मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल में भाजपा अध्यक्ष के बेटे ने चंडीगढ़ में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी। अब खेल मंत्री ने महिला कोच की इज्जत पर हाथ डाला है। दूहन ने कहा कि जब मंत्री ही महिला खिलाडिय़ों की इज्जत से खिलवाड़ करेगा तो महिला खिलाड़ी कैसे सुरक्षित होंगी। दूहन ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संदीप सिंह पर कार्रवाई करने की बजाए उन्हें बचाते हुए महिला कोच पर अनर्गल बयान देने का आरोप लगा दिया। दूहन ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने और संदीप सिंह को बिना किसी देरी के गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
पंचायत में सर्वखाप प्रवक्ता मास्टर फुलकुमार, सतरोल प्रधान रामनिवास लोहान, किसान नेता डाॅ. सिकिमा, युवा जाट नेता शीलू लोहान, प्रवक्ता धर्मपाल वडाला, तपा प्रधान बास विरेंद्र बामल, खाप सचिव बलवंत आर्य, किसान नेता विक्रम, कोच रोहित ढांडा मिर्जापुर, महिला नेता अनीता सिहाग, दलजीत सिहाग, राजबाला धनाना, पूनम सुहासड़ा, सत्यवान, काला गामड़ा, रिटायर फौजी संजय, ब्लॉक समिति मेंबर प्रवीन बेनीवाल और किसान नेता सुरेश कोच मौजूद रहे। मंच संचालन करते हुए मास्टर सतवीर सिंह ने सरकार से मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अभी भी संदीप सिंह का मंत्री पद छीना नहीं गया है। उनसे केवल खेल विभाग से इस्तीफा लिया गया है, बाकी विभागों में वे अभी भी मंत्री हैं।