बिहार मंत्रिपरिषद : प्रोफाइल- उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव
पटना, 16 अगस्त। बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाले महागठबंधन सरकार में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मंत्रिमंडल विस्तार में स्वास्थ्य सहित चार विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। तेजस्वी यादव जनता के बीच अपनी सौम्य और तेजतर्रार छवि के चलते जाने जाते हैं। यही वजह है कि वे अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू यादव के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में स्थापित हैं।
बिहार में 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में राजद मात्र 21 सीट पर ही सिमट गई थी। उसके बाद 2015 में नीतीश के साथ तेजस्वी ने महागठबंधन बनाकर जनता के साथ सीधा संवाद कर राजद को तराशने का काम किया। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में अपने पिता की छवि को पीछे छोड़ते हुए उन्होंने बिहार में राजद को एटूजेड की पार्टी बनाने का संकल्प लिया, जिसका पार्टी को फायदा भी मिला और राजद विधानसभा में 76 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में खड़ी हुई।
तेजस्वी ने अपने सफर को यही नहीं रोका। बीते 22 महीने चली राजग सरकार में विधानसभा में अपनी तेजतर्रार छवि का परिचय भी दिया। इसी का नतीजा था कि नीतीश कुमार ने एक बार फिर से राजद से हाथ मिलाकर बिहार में महागठबंधन सरकार की नींव रखी।
तेजस्वी का जीवन परिचय
लालू यादव और राबड़ी देवी के छोटे पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव का जन्म 10 नवम्बर, 1989 को हुआ था। तेजस्व वर्तमान में बिहार के सबसे युवा राजनेता तथा वर्तमान सरकार में उप मुख्यमंत्री है। वे बिहार विधानसभा में राघोपुर से विधायक है। वे एक क्रिकेटर भी हैं। उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए आईपीएल भी खेला है। तेजस्वी ने दिसंबर 2021 में दिल्ली की एलेक्सिस से शादी रचाई। तेजस्वी और एलेक्सिस दोनों एक-दूसरे को छह साल से जानते थे और पुराने दोस्त हैं।