हरियाणा

सेक्टर 28 सामुदायिक केन्द्र का नामकरण सावित्री बाई फुले के नाम पर किया

पंचकूला, 3 जनवरी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सावित्री बाई फुले के जन्म दिवस के अवसर पर पंचकूला के सेक्टर 28 के 17वें सामुदायिक केन्द्र का नामकरण उनके नाम पर किया। इसके उपरांत उन्होंने सावित्री बाई फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पंचकूला नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

गुप्ता ने अपने संबोधन में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जो सदैव इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहती हैं। 3 जनवरी का यह दिन भी ऐसा ही है। आज के दिन 1831 में भारत की पहली महिला शिक्षिका, कवियित्री और समाज सुधारक सावित्री बाई फुले ने जन्म लिया। गुलामी के समय में उनका जन्म लेना भारत के लिए एक उजाले की किरण थी। सावित्री बाई फुले ने महिलाओं के अधिकार और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्हें आधुनिक मराठी काव्य का अग्रदूत भी कहा जाता है। उन्होंने अपने पति के साथ मिल कर विभिन्न जातियों की 9 छात्राओं के साथ एक महिला स्कूल की स्थापना की।

गुप्ता ने पंचकूलावासियों से अपील की कि हम सबको अपने व्यक्तिगत और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज उत्थान में अपना योगदान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया कि पंचकूला के सभी सामुदायिक केन्द्र चाहे वह गांव में हों या शहर में उनके नाम शहीदों व महान् विभूतियों के नाम पर रखा जाए। उन्होंने बताया कि पंचकूला के 17 सामुदायिक केन्द्रों का नामकरण शहीदों के नाम पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि वे भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू, मदन लाल ढींगरा जैसे उन शहीदों को भी नमन करते हैं जिन्होंने देश को आजाद करवाने के लिए भरी जवानी में फांसी का फंदा चूम लिया और उन्हीं की शहादत के बदौलत आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए पंचकूला नगर निगम की पूरी टीम बधाई का पात्र है। इस अवसर पर नाडा मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मंडल महामंत्री सिद्धार्थ राणा, स्थानीय पार्षद संदीप सोही, हरेन्द्र मलिक, नरेन्द्र लुबाना, सुरेश वर्मा, रितु गोयल, अक्षयदीप चौधरी, सलीम खान, जय कौशिक, सुनीत सिंगला, सतबीर चौधरी, जसबीर गोयत, सेक्टर 28 रेजिडेंट वैलफेयर एसोसिएशन के प्रधान श्री बलारा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker